Cow National animal : गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किए जाने की मांग तेज हो गई है। हिंदू धर्म गुरुओं से लेकर मुस्लिम नेता भी इसके पक्ष में आ गए हैं। नेताओं का कहना है कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किए जाने से देश में सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की भावना को मजबूती मिलेगी। मुस्लिम नेताओं ने कहा कि कुरान, इंसानियत, भाईचारे और प्रेम का संदेश देता है। बागेश्वर धाम के पीठाधीश एवं कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री ने कहा है कि देश बदल रहा है। अब मुस्लिम समाज भी गाय को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करने के समर्थन में आ गया है।
...तो ये देश सचमुच बदल रहा है-धीरेंद्र शास्त्री
बागेश्वर धाम के पीठाधीश ने आगे कहा, 'हम गाय पालने वाले हैं जबकि कुछ लोग गाय का मांस खाते हैं। हम गाय को रोटी खिलाते हैं लेकिन कुछ लोग गाय को रोटी के साथ खाते हैं। अब वो भी गाय को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करने के आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं तो देश सचमुच बदल रहा है।' गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मुस्लिम धर्मगुरुओं की मांग का स्वागत करते हुए शास्त्री ने कहा, 'हमने कल समाचार देखा कि देश के मुसलमान भी अब गाय को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करने के प्रस्ताव का समर्थन कर रहे हैं। शायद मौलाना मदनी उनका नाम है, उन्होंने भी भारत सरकार से ये मांग उठाई कि गाय माता को राष्ट्र माता बनाया जाए।'
कारी सोहैब ने पीएम मोदी को लिखा पत्र
इसी कड़ी में समस्तीपुर जिले से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधान पार्षद मोहम्मद सोहैब ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर गाय को भारत का राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग की है। मोहम्मद सोहैब ने अपने पत्र में कहा कि गाय केवल एक जानवर नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और गांव की अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि केंद्र सरकार को इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
कैलाशानंद गिरि महाराज ने की मुस्लिम समुदाय की प्रशंसा
महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज ने देशभर में गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग को लेकर चल रही चर्चाओं पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मुस्लिम समुदाय की खुलकर सराहना की और उन्हें बधाई का पात्र बताया। स्वामी कैलाशानंद गिरि ने कहा कि जो भी लोग, विशेषकर मुस्लिम समुदाय के सदस्य, गाय माता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग का समर्थन कर रहे हैं, वे सराहना के योग्य हैं। उन्होंने आगे कहा कि यह पहल समाज में आपसी समझ और सम्मान को बढ़ाने वाली है। उनके अनुसार, ऐसे प्रयास देश में सांस्कृतिक एकता और सौहार्द को मजबूत करते हैं और सभी समुदायों को एक सकारात्मक संदेश देते हैं।
इससे देश में भाईचारा और आपसी सौहार्द बढ़ेगा-एसटी हसन
समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व सांसद एसटी हसन ने मांग की है कि गाय को भारत का राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि गाय हिंदुओं की आस्था का केंद्र है और इससे देश में भाईचारा और आपसी सौहार्द बढ़ेगा।
