Counting of votes for Assam panchayat polls- असम में पंचायत चुनाव के लिए मतगणना रविवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई है। निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन के बाद पहली बार राज्य के 27 जिलों में 2 और 7 मई को दो चरणों में मतदान हुआ था। असम राज्य चुनाव आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मतपत्रों की गिनती सुबह 8 बजे शुरू हुई। उम्मीदवारों के मतगणना एजेंट सुबह-सुबह ही इस काम के लिए पहुंच गए।
कल तक खिंच सकती है मतगणना
उन्होंने बताया कि मतदान के दौरान कुछ हिंसा और व्यवधानों को देखते हुए प्रशासन ने सभी मतगणना केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की है। उन्होंने कहा, चुनाव में हजारों सीटें हैं। हम जल्द से जल्द मतगणना पूरी करने की कोशिश करेंगे। हालांकि, हमारा मानना है कि यह कल तक खिंच सकती है।
कुल 21,920 ग्राम पंचायत सीटें हैं, जिनमें से 10,883 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। 2,192 आंचलिक परिषद (एपी) सीटों के लिए भी मतदान हुआ, जिनमें से 1,124 महिलाओं के लिए आरक्षित थीं, और 397 जिला परिषद सीटें, जिनमें से 199 महिलाओं के लिए आरक्षित थीं।
1,289 सीटों पर निर्विरोध फैसला हुआ और ये सीटें हैं- 21 ZP सीटें, 151 AP सीटें और 1,117 GP सीटें। इस चुनाव में कुल 1.80 करोड़ लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र थे। 74.71 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।
