तुर्किये के अंताल्या में आयोजित संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन (COP31) बिना किसी अंतिम समझौते के समाप्त हो गया है। जीवाश्म ईंधन (फॉसिल फ्यूल) से दूर हटने की ठोस प्रतिबद्धता और विकासशील देशों को दी जाने वाली नई जलवायु वित्तीय सहायता (क्लाइमेट फाइनेंस) के लक्ष्यों पर गहरे मतभेदों के कारण कोई आम सहमति नहीं बन सकी। निर्धारित समय से दो दिन अधिक चली मैराथन बैठकों के बावजूद रविवार को यह वार्ता बेनतीजा रही। साल 2000 में नीदरलैंड के हेग में हुई बैठक के बाद यह पहला मौका है जब संयुक्त राष्ट्र का कोई जलवायु सम्मेलन बिना किसी ठोस समझौते के विफल हुआ है।
COP 30 समिट में भूपेंद्र यादव
170 गीगावाट सौर ऊर्जा के साथ भारत का काम जारी रहेगा: भूपेंद्र यादव
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारत अंत तक पूरी गंभीरता और रचनात्मकता के साथ वार्ता में शामिल रहा, लेकिन इस बात का खेद है कि अंतिम मसौदा समझौते पर सहमति नहीं बन सकी। उन्होंने एक्स पर लिखा, अंतिम समझौते का न हो पाना जलवायु कार्रवाई को रोक नहीं सकता। भारत घरेलू स्तर पर 170 गीगावाट से अधिक सौर ऊर्जा क्षमता के साथ लगातार काम कर रहा है और COP32 की राह पर आम सहमति-आधारित बहुपक्षवाद के प्रति प्रतिबद्ध है।
संयुक्त राष्ट्र जलवायु प्रमुख ने जताई निराशा
UNFCCC के कार्यकारी सचिव साइमन स्टील ने सम्मेलन के समापन पर गहरा असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा, दुनिया इस तरह के क्षणों को दोबारा दोहराना बर्दाश्त नहीं कर सकती। हमारी प्रक्रिया लगभग 200 देशों को एक साथ लाने के लिए बनी है, जिसने पिछले एक दशक में परिणाम भी दिए हैं। हालांकि, अब इस प्रक्रिया में सुधार और आधुनिकीकरण की स्पष्ट गुंजाइश है।
विकसित देशों की बेरुखी पर भारत और विकासशील देशों की दो टूक
वार्ता के दौरान 'लाइक-माइंडेड डेवलपिंग कंट्रीज' (LMDC) समूह का प्रतिनिधित्व करते हुए भारत ने विकसित देशों के रवैये पर कड़ा ऐतराज जताया। भारत ने कहा कि विभिन्न चर्चाओं के दौरान क्लाइमेट फाइनेंस के मुद्दे पर बात करने से ही इनकार कर दिया गया। समूह के बयान में कहा गया, हमें यह कह दिया गया कि जिस संकट को हमने पैदा भी नहीं किया है, उससे निपटने की बढ़ती जरूरतों के बावजूद हमें विकसित देशों से क्लाइमेट फाइनेंस पर चर्चा की उम्मीद नहीं करनी चाहिए, क्योंकि यह मुद्दा अब 'डेड इन द वॉटर' (बेकार) हो चुका है।
भारत और LMDC ने यह भी रेखांकित किया कि अंतिम मसौदे में समानता और 'साझा लेकिन विभेदित जिम्मेदारियों' (CBDR-RC) के सिद्धांतों को उचित जगह नहीं दी गई। यह सिद्धांत मानता है कि ऐतिहासिक रूप से ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में सबसे बड़ा योगदान देने के कारण विकसित देशों की जिम्मेदारी प्राथमिक होनी चाहिए।
बढ़ता तापमान और अधूरा क्लाइमेट फाइनेंस
COP31 की यह विफलता ऐसे समय में हुई है जब वैश्विक तापमान में वृद्धि पूर्व-औद्योगिक स्तर से 1.5 डिग्री सेल्सियस की सीमा को पार करने की कगार पर है। संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) की एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, यदि मौजूदा नीतियां जारी रहीं तो इस सदी में तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
गंभीर परिणाम भुगत रहे 'ग्लोबल साउथ' के देश
जलवायु परिवर्तन के सबसे गंभीर परिणाम 'ग्लोबल साउथ' के गरीब और विकासशील देश भुगत रहे हैं, जिनका ऐतिहासिक उत्सर्जन में सबसे कम हिस्सा है। पिछले 30 वर्षों (1996-2025) के आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि डोमिनिका, म्यांमार और होंडुरास जलवायु संबंधी चरम मौसम की घटनाओं से सबसे अधिक प्रभावित देश रहे हैं, जिसके बाद लीबिया, हैती और ग्रेनाडा का स्थान है।
इसके बावजूद, वित्तीय मदद का अभाव बना हुआ है। UNEP की 'अडेप्टेशन गैप रिपोर्ट 2026' के अनुसार, 2024 में विकसित देशों से विकासशील देशों को मिलने वाली सार्वजनिक अनुकूलन वित्तीय सहायता केवल 28.2 से 31.7 अरब डॉलर तक ही पहुंच पाई है, जो 2035 तक की अनुमानित 305 अरब डॉलर की सालाना जरूरत के मुकाबले बेहद कम है। दिल्ली स्थित शोध संस्थान 'क्लाइमेट ट्रेंड्स' की निदेशक आरती खोसला ने भी इस विफलता को राजनीतिक महत्वाकांक्षा और जवाबदेही की घोर कमी करार देते हुए कहा कि अमीर देशों ने वित्तीय जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया और प्रमुख जीवाश्म ईंधन उत्पादकों ने कड़े कदमों को रोक दिया। (पीटीआई)
