देश

कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक कल, महिला आरक्षण कानून सहित इन मुद्दों पर चर्चा; राहुल-खरगे रहेंगे मौजूद

CWC Meeting: कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक शुक्रवार को होने वाली है। इस बैठक में महिला आरक्षण कानून में संशोधन को लेकर सरकार के कदम, प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया और पश्चिम एशिया के मुद्दे पर चर्चा होने की संभावना है। सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

Image

कांग्रेस कार्यसमिति (फाइल फोटो)

CWC Meeting: कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की दिल्ली में शुक्रवार को बैठक होने वाली है। इस बैठक में उद्देश्य महिला आरक्षण बिल से जुड़े घटनाक्रमों पर विचार-विमर्श करना है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सीडब्ल्यूसी बैठक में महिला आरक्षण कानून में संशोधन को लेकर सरकार के कदम, प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया और पश्चिम एशिया के मुद्दे पर चर्चा होने की संभावना है।

कहां होगी CWC की बैठक

कांग्रेस की यह प्रमुख बैठक संसद के वर्तमान बजट सत्र के तहत अगले सप्ताह होने वाली दोनों सदनों की तीन दिवसीय बैठक से कुछ दिन पहले हो रही है। संसद की तीन दिवसीय बैठक 16,17 और 18 अप्रैल को होगी। सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक शुक्रवार को अपराह्न तीन बजे पार्टी के स्थानीय मुख्यालय 'इंदिरा भवन' में होगी। सीडब्ल्सी बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश सहित अन्य लोग हिस्सा लेंगे।

विशेष सत्र में पेश होगा बिल

संसद का तीन दिवसीय विशेष सत्र 16 अप्रैल से शुरू होने जा रहा है। इस विशेष सत्र में सरकार महिला आरक्षण संशोधन विधेयक को पेश करेगी। इस बीच, सरकार ने इस कानून में दो बड़े संशोधन करने की योजना बनाई है। 2023 में पारित 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' के तहत महिला आरक्षण को नई जनगणना और परिसीमन से जोड़ा गया था, लेकिन जनगणना में देरी को देखते हुए अब सरकार 2011 की जनगणना के आधार पर आगे बढ़ने की तैयारी में है।

प्रस्ताव के मुताबिक, 2011 की जनगणना को आधार बनाकर परिसीमन आयोग बनाया जाना है। इसके तहत लोकसभा सीटों की संख्या 543 से बढ़कर 816 तक हो सकती हैं। इसके लिए संसद में 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' में संशोधन का विधेयक और एक अलग परिसीमन विधेयक पेश किया जाएगा। दोनों को संवैधानिक संशोधन के रूप में पारित करना जरूरी होगा।

कांग्रेस ने पिछले सप्ताह यह आरोप भी लगाया था कि सरकार ने पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के नतीजों को प्रभावित करने तथा चुनावी लाभ हासिल करने के लिए इस महीने संसद का 'विशेष सत्र' बुलाया है, जो चुनाव आचार संहिता का घोर उल्लंघन है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने इस बात पर जोर दिया था कि परिसीमन की प्रक्रिया में जल्दबाजी के 'खतरनाक' नतीजे होंगे तथा 'हम राज्य स्तर पर लोकसभा सीटों की संख्या के तुलनात्मक अंतर में बदलाव नहीं चाहते।'

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article