देश

लगातार हार से थक चुकी कांग्रेस देश को बदनाम करने मौका ढूंढती है, बन गई है 'मुस्लिम लीगी-माओवादी कांग्रेस’: PM मोदी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हाल में हुई एआई इम्पैक्ट समिट का जिक्र करते हुए, मोदी ने कहा कि इस भव्‍य आयोजन से जहां देश के लोगों को गर्व महसूस हो रहा था वहीं हताशा, निराशा में डूबी..लगातार पराजय के कारण थक चुकी कांग्रेस ने देश को बदनाम करने की कोशिश की।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।

Photo : ANI

PM Modi attacks Congress: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस की युवा शाखा के कार्यकर्ताओं के विरोध-प्रदर्शन को लेकर शन‍िवार को विपक्षी दल पर तीखा हमला बोला और कहा कि कांग्रेस ने दुनिया भर के मेहमानों के सामने देश को बदनाम करने की कोशिश की। मोदी ने अजमेर के पास कायड़ में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पूरे देश में लगातार हार रही कांग्रेस गुस्से में इसका बदला भारत को बदनाम करके ले रही है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस अब 'मुस्लिम लीगी-माओवादी कांग्रेस’ बन गई है।

एआई इम्पैक्ट समिट का जिक्र किया

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हाल में हुई एआई इम्पैक्ट समिट का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि इस भव्‍य आयोजन से जहां देश के लोगों को गर्व महसूस हो रहा था वहीं हताशा, निराशा में डूबी... लगातार पराजय के कारण थक चुकी कांग्रेस ने देश को बदनाम करने की कोशिश की। मोदी ने कहा, 'दुनिया भर के मेहमानों के सामने कांग्रेस ने देश को बदनाम करने की कोशिश की। इन्होंने विदेशी मेहमानों के सामने देश को बेइज्जत करने के लिए पूरा 'ड्रामा’ किया।’ उन्होंने कहा, 'कांग्रेस पूरे देश में लगातार हार रही है और गुस्से में वो इसका बदला भारत को बदनाम करके ले रही है।’

'कभी वह इंडियन नेशनल कांग्रेस थी'

प्रधानमंत्री ने कटाक्ष करते हुए कहा, 'कभी कांग्रेस आईएनसी यानी इंडियन नेशनल कांग्रेस थी लेकिन अब आईएनसी नहीं बची है... इंडियन नेशनल कांग्रेस नहीं बची है... आज वो आईएनसी के बजाय एमएमसी बन गई है। एमएमसी यानी मुस्लिम लीग - माओवादी कांग्रेस हो चुकी है।’ मोदी ने कहा, 'इतिहास गवाह है कि मुस्लिम लीग भारत से नफरत करती थी और इसलिए मुस्लिम लीग ने देश को बांट दिया। आज कांग्रेस भी वही कर रही है।’ उन्होंने कहा, 'माओवादी भी भारत की समृद्धि, हमारे संविधान और हमारे सफल लोकतंत्र से नफरत करते हैं। ये घात लगाकर हमला करते हैं। कांग्रेस भी घात लगाकर देश को बदनाम करने के लिए कहीं भी घुस जाती है।’ उन्होंने कहा, 'कांग्रेस के ऐसे कुकर्मों को देश कभी माफ नहीं करेगा।’

सेना को कमजोर करना कांग्रेस की पुरानी आदत-पीएम

मोदी ने कहा कि देश को बदनाम करना, देश की सेनाओं को कमजोर करना... ये कांग्रेस की पुरानी आदत रही है। उन्होंने कहा, 'यही कांग्रेस है जिसने हमारी सेना के जवानों को हथियारों व वर्दी तक के लिए तरसा के रखा था।’ प्रधानमंत्री के अनुसार, बीते 11 वर्षों में भारत की सेना ने हर मोर्चे पर, आतंकियों पर, देश के दुश्मनों पर करारा प्रहार किया है। उन्होंने कहा, 'हमारी सेना हर मिशन, हर मोर्चे में विजयी रही है। 'सर्जिकल स्ट्राइक’ से लेकर 'ऑपरेशन सिंदूर’ तक सेना ने अपनी वीरता का लोहा मनवाया। लेकिन कांग्रेस के नेताओं ने इसमें भी दुश्मनों के झूठ को ही आगे बढ़ाया है।’

(एजेंसी इनपुट)

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें