पीएम आवास के पास राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, खरगे समेत अन्य कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर हमला बोला है। शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एक्स पर एक पोस्ट कर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रही है। भाजपा का कहना है कि मानसून सत्र के दौरान कांग्रेस ने संसद में सार्थक चर्चा के बजाय राजनीतिक प्रदर्शन को प्राथमिकता दी।
अपनी पोस्ट में धर्मेंद्र प्रधान ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना देकर आम लोगों को असुविधा पहुंचाई और सुरक्षा प्रोटोकॉल को ताक पर रख दिया।
'सरकार चर्चा को तैयार थी'
उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी ने तब प्रदर्शन शुरू कर दिया जब केंद्र सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी थी कि वह NEET और छात्रों से जुड़े सभी मुद्दों पर संसद में व्यापक चर्चा के लिए तैयार है। इसके बावजूद कांग्रेस ने लोकतांत्रिक बहस के बजाय राजनीतिक प्रदर्शन का रास्ता चुना। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का उद्देश्य छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं,बल्कि संसद की कार्यवाही में व्यवधान पैदा कर राजनीतिक सुर्खियां बटोरना है।'छात्रों को राजनीतिक अभियान का हिस्सा बनाया जा रहा'
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी के लिए यह मुद्दा छात्रों की चिंता से अधिक राजनीतिक टकराव पैदा करने का माध्यम बन गया है। पार्टी ने कहा कि छात्रों को किसी राजनीतिक अभियान का हिस्सा नहीं बनाया जाना चाहिए, बल्कि उन्हें स्थिरता, समाधान और जवाबदेही मिलनी चाहिए।
सरकार ने दोहराई अपनी प्रतिबद्धता
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार संसद में NEET सहित छात्रों से जुड़े हर वास्तविक मुद्दे पर चर्चा करने और आवश्यक सुधारों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
