PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमान तेजस में उड़ान भरी। इसके बाद देश में सियासत शुरू हो गई है। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लिए बिना उन पर तंज कसा है। कहा है कि चुनावी फोटो खिंचवाने के उस्ताद को 2014 के पहले के प्रयासों को भी स्वीकार करना चाहिए।
दरअसल, पीएम मोदी के तेजस में उड़ान भरने के कुछ ही घंटों बाद कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट भी किया। उन्होंने लिखा, तेजस हमारी स्वदेशी वैज्ञानिक और तकनीकी क्षमता और क्षमता का द्योतक है, इसे दशकों में दृढ़ता से बनाया गया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि तेजस को एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी (एडीए) द्वारा डिजाइन किया गया है, जिसे 1984 में स्थापित किया गया था और इसने हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल), नेशनल एयरोस्पेस लेबोरेटरीज (एनएएल), भारतीय वायु सेना और भारतीय नौसेना के साथ मिलकर काम किया था।
2014 के पहले के प्रयासों को करें स्वीकार
कांग्रेस राज्यसभा सांसद ने कहा, हल्के लड़ाकू विमान के डिजाइन को छह साल बाद अंतिम रूप दिया गया। अंततः 2011 में परिचालन मंजूरी दी गई। बेशक, कई अन्य महत्वपूर्ण मील के पत्थर भी हैं। 2014 से पहले के प्रयासों और किए गए कार्यों को स्वीकार करने के लिए 'चुनावी फोटो-ऑप्स' के मास्टर की ज्यादा कीमत नहीं है। बता दें, प्रधानमंत्री मोदी ने तेजस में उड़ान भरने के बाद कहा कि यह अनुभव अविश्वसनीय रूप से समृद्ध था, जिससे हमारे देश की स्वदेशी क्षमताओं में मेरा विश्वास काफी बढ़ गया है। इसके बाद तेजस जेट के क्रेडिट को लेकर सियासत शुरू हो गई।
भाजपा ने किया पलटवार
कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री पर किए गए हमले के बाद भाजपा ने भी पलटवार शुरू कर दिया है। भाजपा नेता व प्रवक्ता गौरव भाटिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी की तेजस में उड़ान भरते हुए तस्वीर पोस्ट की है। इसके साथ ही उन्होंने राहुल गांधी की भी तस्वीर शेयर की है, जिसमें वे ट्रैक्टर पर बैठे दिख रहे हैं। गौरव भाटिया ने लिखा है- 'किस्मत अपनी-अपनी।'
