देश

लोकसभा-विधानसभा चुनावों पर कांग्रेस ने खर्च किए Rs 585 करोड़, फंड की कमी होने का किया था दावा

Congress spending on Elections: लोकसभा चुनाव की घोषणा के समय कांग्रेस के पास विभिन्न जमा राशि के रूप में कुल 170 करोड़ रुपये थे। पार्टी को 13.76 करोड़ रुपये नकदी जमा समेत विभिन्न रूपों में सकल प्राप्तियों के रूप में 539.37 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले धन की कमी का जिक्र किया था।

Image

चुनावों पर कांग्रेस का खर्च।

KEY HIGHLIGHTS
  • कांग्रेस ने हवाई यात्राओं पर 105 करोड़ रुपये खर्च किए
  • कल प्राप्तियों के रूप में 539.37 करोड़ रुपये प्राप्त हुए
  • आम चुनाव में 543 लोकसभा सीटों में से 99 सीटें जीतीं

Congress spending on Elections: लोकसभा चुनाव से पहले फंड की कमी का दावा करने वाली कांग्रेस पार्टी ने आम चुनाव और इसके साथ हुए विधानसभा चुनावों में 585 करोड़ रुपए खर्च किए थे। खास बात यह है कि इस खर्च का 70 फीसदी हिस्सा मीडिया अभियानों एवं विज्ञापनों पर खर्च हुआ। आम चुनाव और आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा और सिक्किम के विधानसभा चुनावों के लिए अपने चुनाव व्यय रिपोर्ट में कांग्रेस ने कहा कि उसने विज्ञापनों और मीडिया में प्रचार अभियान पर 410 करोड़ रुपये तथा सोशल मीडिया, ऐप और अन्य माध्यमों से डिजिटल प्रचार अभियानों पर लगभग 46 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।

हवाई यात्राओं पर 105 करोड़ रुपये खर्च

पार्टी ने यह भी कहा कि उसने लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान अपने स्टार प्रचारकों की हवाई यात्राओं पर लगभग 105 करोड़ रुपये खर्च किए, जिनमें पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और अन्य नेता शामिल थे। कांग्रेस ने इस साल लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी और पार्टी के कुछ अन्य उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने के लिए 11.20 करोड़ रुपये का एकमुश्त भुगतान भी किया। पार्टी ने लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान पोस्टर, बैनर, होर्डिंग और अन्य प्रचार सामग्री की छपाई पर कुल 68.62 करोड़ रुपये खर्च किए।

539.37 करोड़ रुपये प्राप्त हुए

लोकसभा चुनाव की घोषणा के समय कांग्रेस के पास विभिन्न जमा राशि के रूप में कुल 170 करोड़ रुपये थे। पार्टी को 13.76 करोड़ रुपये नकदी जमा समेत विभिन्न रूपों में सकल प्राप्तियों के रूप में 539.37 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले धन की कमी का जिक्र किया था क्योंकि पिछले वर्षों के आयकर रिटर्न के विवादों को लेकर आयकर विभाग ने पार्टी के कुछ बैंक खातों पर रोक लगा दी थी। हालांकि, मामला अदालत में पहुंचने के बाद खातों पर से रोक हटा दी गई। कांग्रेस ने आम चुनाव में 543 लोकसभा सीटों में से 99 सीटें जीतीं और मुख्य विपक्षी पार्टी के रूप में उभरी। भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटी।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article