Mallikarjun targets Amit Shah : राज्यसभा में संविधान निर्माता बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर पर दिए गए गृह मंत्री अमित शाह के बयान को लेकर कांग्रेस आक्रामक हो गई है। संसद परिसर में बुधवार को उसने शाह के खिलाफ एक बड़ा प्रदर्शन करते हुए उनके इस्तीफे और माफी की मांग की। वहीं, इस विरोध-प्रदर्शन पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा कि कांग्रेस हल्की राजनीति कर रही है। कांग्रेस और विपक्ष के सांसद बाबा साहेब की तस्वीर लेकर एक जगह एकत्र हुए और 'जय भीम', 'अमित शाह माफी मांगो' के नारे लगाए। कांग्रेस का यह प्रदर्शन अन्य राज्यों में भी राज्यभवन के बाहर हुआ। यहां भी कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने हाथ में तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया।
अमित शाह ने मंगलवार को राज्यसभा में दिया था बयान।
बाबा साहेब का अपमान करने का आरोप
मीडिया से बातचीत में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अमित शाह पर बाबा साहेब का अपमान करने का आरोप लगाया और उनके इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस नेता ने कहा, 'गृह मंत्री अमित शाह जब बाबा साहेब के बारे में बोल रहे थे तो उन्होंने कहा कि आप जितनी बार अंबेडकर नाम लेते हैं, उतनी बार यदि भगवान का नाम लें तो आपको स्वर्ग में जगह मिल जाएगी। शाह के इस बयान का मतलब है कि अबेंडकर का नाम लेना पाप है। मैंने इसका जवाब देने के लिए हाथ उठाया लेकिन मुझे बोलने नहीं दिया गया।' लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि ऐसे लोग जो मनुस्मृति में विश्वास करते हैं उन्हें निश्चित रूप से अंबेडकर पसंद नहीं आएंगे।
...तो सात जन्मों तक स्वर्ग मिल जाता
उन्होंने कहा, ‘हमारे लिए संविधान किसी पवित्र ग्रंथ से कम नहीं है और बाबासाहेब, भगवान से कम नहीं हैं। गृह मंत्री जी को देश से माफी मांगनी चाहिए।’ कांग्रेस और विपक्षी दलों का आरोप है कि शाह ने राज्यसभा में ‘भारत के संविधान की 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा’ विषय पर दो दिन तक चली चर्चा का जवाब देते हुए मंगलवार को अपने संबोधन के दौरान बाबासाहेब का अपमान किया। मुख्य विपक्षी दल ने शाह के संबोधन का एक वीडियो अंश जारी किया जिसमें गृह मंत्री विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए यह कहते सुने जा सकते हैं , ‘अभी एक फैशन हो गया है- आंबेडकर, आंबेडकर...। इतना नाम अगर भगवान का लेते तो सात जन्मों तक स्वर्ग मिल जाता।’
