Rahul Gandhi Nyay Yatra: हरियाणा में उम्मीदों से लबरेज़ कांग्रेस ने दिल्ली के चुनाव के लिए भी कमर कस ली है। 23 अक्टूबर से दिल्ली में कांग्रेस न्याय यात्रा करेगी। इस यात्रा में राहुल गांधी के अलावा प्रियंका गांधी और अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी शामिल हो सकते हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक त्योहारों को देखते हुए यात्रा 4 चरणों में निकाली जाएगी।
दिल्ली में बस की यात्रा करते हुए राहुल गांधी
ये भी पढ़ें- Jammu Kashmir Chunav 2024 Exit Poll Result: जम्मू कश्मीर में किसकी सरकार? एग्जिट पोल में होता दिख रहा 'खेला'
हरियाणा-पंजाब की तर्ज पर AAP से नहीं होगा गठबंधन!
15 साल तक दिल्ली में कांग्रेस की सरकार रही। तत्कालीन सीएम स्वर्गीय शीला दीक्षित के विकास के कामों की लोग आज भी मिसाल देते हैं। ऐसे में इस न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेस अपने शासन की उपलब्धियों, उपराज्यपाल और AAP सरकार की खींचतान, शराब नीति में हुए घोटाले, शीशमहल जैसे कई मुद्दों को उठाएगी। कांग्रेस अपने कैंपेन में केजरीवाल सरकार को झूठे वादे करने वाली झुनझुना सरकार कहकर प्रचारित करेगी।
इंडिया गठबंधन का हिस्सा बनी रहेगी आम आदमी पार्टी!
सूत्रों ने ये साफ किया है कि भले ही दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन की संभावना न हो लेकिन आप इंडिया गठबंधन में बनी रहेगी। दिल्ली में न्याय यात्रा के दौरान आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलने के लिए जगह-जगह प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
चार चरणों में होगी दिल्ली में न्याय यात्रा
दिल्ली में फरवरी 2025 में विधानसभा चुनाव होना है। हालांकि दिल्ली में कांग्रेस की स्थिति को देखते हुए डीपीसीसी ने समय रहते जमीन पर उतरने की तैयारी कर ली है। जानकारी के मुताबिक पहला चरण 23 से 28 अक्टूबर तो दूसरा चरण 4 नवंबर से 10 नवंबर तक होगा। इसके बाद तीसरा चरण 12 नवंबर से 18 नवंबर तक चलेगा। वहीं यात्रा का आखिरी और चौथा चरण 20 नवंबर से 28 नवंबर तक होगा।
