देश

राहुल ने अडानी से जोड़ा सिंधिया का नामः ज्योतिरादित्य का पलटवार- आप सिर्फ एक ट्रोल तक सीमित, समझें- क्या है पूरा विवाद

  • Produced by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Apr 10, 2023, 11:19 PM IST

ज्योतिरादित्य सिंधिया मौजूदा समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र की एनडीए सरकार में केंद्रीय नागरिक विमानन और इस्पात मंत्री हैं, पर कभी वह कांग्रेस के खेमे में हुआ करते थे और गांधी के विश्वासपात्र माने जाते थे।

Image

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और कांग्रेस के पूर्व चीफ राहुल गांधी। (फाइल)

Photo : IANS

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेसी नेता राहुल गांधी पर उस मामले को लेकर कड़ा पलटवार किया है, जिसमें कांग्रेस के पूर्व चीफ ने अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी के साथ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) नेता (सिंधिया का) का नाम जोड़ दिया था। सिंधिया ने इस बाबत उन्हें एक सोशल मीडिया ट्रोल करार दिया।

सोमवार (10 अप्रैल, 2023) को सिलसिलेवार ट्वीट्स के जरिए उन्होंने कहा- स्पष्ट है कि अब आप एक ट्रोल तक सीमित हो चुके हैं। मुझ पर बेबुनियाद आरोप लगाने, और मुख्य मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने के बजाय, इन तीन प्रश्नों का जवाब क्यों नहीं देते?

बकौल सिंधिया, "1- पिछड़े वर्ग को लेकर अपने अपमानजनक बयान के लिए माफ़ी क्यों नहीं मांगते? उल्टा कहते हैं कि आप सावरकर जी नहीं हैं, माफ़ी नहीं मांगेंगे! देश सेवक का अपमान और इतना अहंकार!! 2- जिस न्यायालय पर कांग्रेस ने सदैव ऊँगली उठाई, आज अपने स्वार्थ हेतु उस पर दबाव क्यों बना रहे हैं?"

उन्होंने अगला ट्वीट किया, 3- आपके लिए नियम अलग क्यों हों ? अपने आप को क्या आप फर्स्ट क्लास नागरिक मानते हैं? आप अहंकार में इस कदर ग्रस्त है कि शायद इन सवालों की महत्ता भी आपकी समझ से परे है। अपने आप को क्या आप फर्स्ट क्लास नागरिक मानते हैं?

दरअसल, कभी गांधी के विश्वासपात्र रहे सिंधिया की ये टिप्पणियां गांधी की तरफ से उनका नाम अडानी मामले से जोड़े जाने के बाद आईं। राहुल ने अडानी के नाम के साथ नेताओं के नाम की एक तस्वीर ट्वीट करते हुए कहा था, ‘‘सच्चाई छुपाते हैं, इसलिए रोज़ भटकाते हैं! सवाल वही है - अडानी की कंपनियों में 20,000 करोड़ रुपये का बेनामी धन किसका है?’’

कांग्रेस के पूर्व चीफ ने जो फोटो शेयर किया था, उसमें गुलाम नबी आजाद, ज्योतिरादित्य सिंधिया, हिमंत बिस्वा शर्मा, किरण कुमार रेड्डी और अनिल के. एंटनी के नामों का हवाला दिया गया था। वैसे, गांधी के ट्वीट में जिन अन्य नेताओं के नाम का जिक्र किया था, उन्होंने भी राहुल पर जुबानी हमला किया। शर्मा ने कहा कि वह कांग्रेस नेता के खिलाफ मानहानि का मामला दायर करेंगे।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article