देश

नरेंद्र मोदी 2024 में प्रधानमंत्री बनेंगे या नहीं? गरजते हुए बोले राहुल गांधी- मुद्दा मणिपुर है

Rahul Gadhi Slams PM Modi On Manipur: मणिपुर हिंसा पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके शुक्रवार को कहा कि 'मणिपुर में जो हो रहा है उसे भारतीय सेना 2 दिन में रोक सकती है, लेकिन पीएम मणिपुर को जलाना चाहते हैं और आग को बुझाना नहीं चाहते और ये सच्चई है।'

Image

राहुल गांधी ने मणिपुर के मुद्दे पर पीएम मोदी को सुनाई खरी-खोटी।

Photo : ANI

Rahul Gandhi On Manipur: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि मैं लगभग 19 वर्षों से राजनीति में हूं और मैंने लगभग सभी राज्यों का दौरा किया है, लेकिन मणिपुर में मैंने जो देखा और सुना वह अभूतपूर्व है। उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी 2024 में प्रधानमंत्री बनेंगे या नहीं? ये मुद्दा नहीं है, मुद्दा मणिपुर है। आपको नीचे बताते हैं कि राहुल गांधी ने अपने प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या-क्या बोला।

राहुल गांधी की सलाह- पीएम को ये शोभा नहीं देता

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि 'कल पीएम ने संसद में करीब 2 घंटे 13 मिनट तक बात की। आखिर में उन्होंने मणिपुर पर 2 मिनट तक बात की। मणिपुर महीनों से जल रहा है, लोग मारे जा रहे हैं, रेप हो रहे हैं लेकिन पीएम हंस रहे थे, चुटकुले सुना रहा थे। यह उन्हें शोभा नहीं देता।' अगर इस देश में हिंसा हो रही है, तो हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री को दो घंटे मजाक नहीं उड़ाना चाहिए। विषय कांग्रेस या मैं नहीं था। विषय मणिपुर है। मणिपुर में क्या हो रहा है और उसको क्यों नहीं रोका जा रहा है।

भारत माता की हत्या बयान पर क्या बोले राहुल गांधी?

राहुल ने कहा कि मैं तकरीबन 19 साल से राजनीति में हूं और कई सारे राज्यों में गया हूं। बाढ़ आई, सुनामी आई, हिंसा हुआ हम वहां जाते हैं। 19 साल के अनुभव में जो मैंने मणिपुर में देखा और सुना वो मैंने पहले नहीं देखा था। मैंने संसद में बोला कि प्रधानमंत्री और अमित शाह जी ने भारत माता की हत्या की है। मैंने ऐसे नहीं बोला, मैं क्या बोला आपको समझाता हूं। जब मैं मणिपुर में गया था, हम लैंड किए हमें मणिपुर में दौरा करना था। जब हम मेतई क्षेत्रों में गए तो हमें साफ कहा गया था कि अगर आपकी सिक्योरिटी में कोई भी कुकी होगा उसे साथ मत लाइएगा उसे हम मार देंगे। जब हम कुकी के क्षेत्र में गए तो हमें कहा गया कोई भी मेतई आपकी सिक्योरिटी में होगा तो आप मत लाइए उसको हम गोली मार देंगे। मतलब ये कि वो एक स्टेट नही है, आज वहां दो स्टेट हो गए हैं। स्टेट की हत्या कर दी गई है और उसे चीर दिया गया है। इसीलिए मैंने बोला कि हिंदुस्तान की हत्या मणिपुर में बीजेपी ने कर दी है।

'सवाल ये नहीं है कि नरेंद्र मोदी 2024 में पीएम बनेंगे या नहीं'

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि 'जब मैंने कल प्रधानमंत्री को देखा हंसते हुए मजाक उड़ाते हुए तो मैं समझ नहीं पा रहा था कि हिंदुस्तान का प्रधानमंत्री इस तरह से कैसे बोल सकता है। प्रधानमंत्री को ये पता नहीं चल रहा है कि हमारे देश में क्या हो रहा है। नहीं जाना चाहते हैं, इसके भी कारण हैं। वो अगर वहां जा नहीं सकते तो मणिपुर के बारे में कम से कम कुछ बोलें तो। जो मणिपुर में हो रहा है, हिंदुस्तान की सेना उसे दो दिन में रोक सकती है। प्रधानमंत्री मणिपुर को जलाना चाहते हैं, आग बुझाना नहीं चाहते हैं और ये सच्चाई है।' मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए राहुल गांधी ने बोला कि 'सवाल ये नहीं है कि नरेंद्र मोदी 2024 में प्रधानमंत्री बनेंगे या नहीं, सवाल ये है कि मणिपुर जल रहा है।'

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article