देश

हरियाणा बजट सत्र से पहले कांग्रेस की बैठक, नेता प्रतिपक्ष पर फैसला होने की संभावना

Haryana Budget Session: हरियाणा बजट सत्र से पहले आज कांग्रेस के नेताओं की एक अहम बैठक कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता के चुनाव पर फैसला हो सकता है।

Image

हरियाणा बजट सत्र से पहले आज होगी कांग्रेस की बैठक

Photo : Twitter

Haryana Budget Session: हरियाणा कांग्रेस के नेताओं की एक अहम बैठक बुधवार को कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित की जाएगी। यह बैठक विधानसभा के आगामी बजट सत्र से पहले हो रही है, जो 7 मार्च से शुरू होगा। इस बैठक को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है, क्योंकि इसे लेकर कई महत्वपूर्ण फैसलों की उम्मीद जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता के चुनाव पर फैसला हो सकता है। इसके अलावा, हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष के पद को लेकर भी बैठक में विचार-विमर्श होने की संभावना है।

मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में आयोजित होगी बैठक

हरियाणा विधानसभा चुनावों के नतीजे 8 अक्तूबर, 2024 को घोषित हुए थे, लेकिन अभी तक कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) का नेता नहीं चुना जा सका है। यह स्थिति विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के चयन को लेकर भी असमंजस की स्थिति उत्पन्न कर रही है। सीएलपी लीडर ही विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनेगा, इसके अलावा पार्टी के अन्य महत्वपूर्ण पदों जैसे चीफ व्हिप का भी फैसला होना बाकी है। 2019 से 2024 तक, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा विधायक दल के नेता और नेता प्रतिपक्ष के रूप में कार्यरत थे। हालांकि, कांग्रेस पार्टी के अंदर गुटबाजी और आपसी कलह के चलते सीएलपी लीडर का चयन लटक गया है।

हरियाणा कांग्रेस के नेताओं की यह अहम बैठक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद यह पहला मौका होगा, जब हरियाणा कांग्रेस के नेता एकजुट होंगे। इस बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी उपस्थित रहेंगे। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में पार्टी के नए प्रभारी बीके हरिप्रसाद, सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल और प्रफुल्ल पटेल भी शिरकत करेंगे। इसके अलावा, प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा सांसद कुमारी सैलजा, और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला भी बैठक में शामिल होंगे।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी बैठक में रहेंगे मौजूद

हरियाणा कांग्रेस के नेताओं की बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी मौजूद रहेंगे। दरअसल पिछले दिनों राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं की बैठक में गुटबाजी के खिलाफ अपने कड़े तेवर दिखाए थे, जिससे पार्टी में बड़े बदलाव की संभावना जताई जा रही है। वर्तमान समय में हरियाणा कांग्रेस की कमान चौधरी उदयभान के हाथों में है, लेकिन विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद से प्रदेश नेतृत्व में बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच इस बात को लेकर चर्चा हो रही है कि क्या आगामी बैठक में प्रदेश अध्यक्ष और विधायक दल के नेता के पद पर निर्णय लिया जाएगा।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article