Congress President Mallikarjun Kharge: दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन को लेकर सियासत शुरू हो गई है। इसका मजमून सोमवार को छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के एक कार्यक्रम में दिखाई दिया। लोागें को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि लोकसभा चुनाव में अगर कांग्रेस सरकार चुनकर आती है तो किसानों को एमएसपी (MSP)की लीगल गारंटी दी जाएगी। खड़गे का यह बयान ऐसे समय पर आया है, जब चार महीने बाद देश में लोकसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में उनके बयान को किसान वर्ग को साधने के मकसद से देखा जा रहा है।
दरअसल, मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के मंच से बोल रहे थे। उन्होंने कहा, मैं भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होकर ये देखने आया हूं कि इस यात्रा को कितना प्यार और समर्थन मिल रहा है। लोग इस यात्रा को दिल से चाहते हैं और एकजुट होकर अन्याय के विरुद्ध खड़े हैं। राहुल गांधी की यात्रा 5 न्याय पर आधारित है- युवा न्याय, किसान न्याय, नारी न्याय, श्रमिक न्याय और भागीदारी न्याय। वे न्याय का यह संदेश पूरे देश में पहुंचा रहे हैं। इसलिए मैं सभी की तरफ से राहुल गांधी का धन्यवाद देता हूं।
हमें देखकर प्रधानमंत्री भी बोलने लगे मोदी की गारंटी
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, हम तो 'कांग्रेस की गांरटी' बोलते हैं, लेकिन हमें देखकर प्रधानमंत्री जी 'मोदी की गारंटी' बोलने लगे। जिस व्यक्ति में इतना अहंकार हो, वह लोकतंत्र में विश्वास नहीं रख सकता। ऐसा व्यक्ति सिर्फ अपने लिए काम करता है, इसी को 'तानाशाह' कहते हैं। इस दौरान उन्होंने कहा, PM मोदी ने 2014-19 में गारंटी के नाम पर झूठ बोला। मोदी जी झूठों के सरदार हैं। इसलिए मैं कहना चाहता हूं- 'झूठे वादों की बस्तियां लेकर, हम क्या करेंगे हमें हमारी जमीन दे दो, हम आसमां लेकर क्या करेंगे'
किसानों के लिए आज ऐतिहासिक दिन
इस दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, देश में किसानों को जो मिलना चाहिए, वो उन्हें नहीं मिल रहा है। इसलिए किसान दिल्ली की तरफ जा रहे हैं, लेकिन उन्हें रोका जा रहा है, उनके ऊपर आंसू गैस के गोले दागे जे रहे हैं। किसान सिर्फ ये कह रहे हैं - हमारी मेहनत का फल हमें मिलना चाहिए। उन्होंने आगे कहा, किसान भाइयों आज ऐतिहासिक दिन है! कांग्रेस ने हर किसान को फसल पर स्वामीनाथन कमीशन के अनुसार MSP की कानूनी गारंटी देने का फैसला लिया है।
यह कदम 15 करोड़ किसान परिवारों की समृद्धि सुनिश्चित कर उनका जीवन बदल देगा। न्याय के पथ पर यह कांग्रेस की पहली गारंटी है।
