Sonia Gandhi: 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस नई रणनीति में जुट गई है। अटकलें हैं कि सोनिया गांधी या प्रियंका गांधी को राज्यसभा भेजा जा सकता है। इसके संकेत हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने दिए हैं। मंगलवार को उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल खत्म होने वाला है, जिसके बाद इससोराज्यसभा सीट से सोनिया गांधी या प्रियंका गांधी को राज्यसभा भेजा जा सकता है। बता दें, नड्डा का छह साल का कार्यकाल 2 अप्रैल को खत्म हो रहा है।
सोनिया गांधी
प्रतिभा सिंह ने कहा, हम कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी के साथ चर्चा करेंगे, और यदि वे चाहेंगे तो यह सीट उनके पास जा सकती है। हालांकि, कांग्रेस आलाकमान की ओर से इस पर कोई टिप्पणी नहीं की गई है। बता दें, सोनिया गांधी ने 2019 में अपनी पारंपरिक रायबरेली सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा था। वहीं प्रियंका गांधी अभी तक संसद के किसी भी सदन की सदस्य नहीं रही हैं।
2018 में नड्डा को भेजा गया था राज्यसभा
बता दें, 2018 के हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को राज्यसभा भेजा गया था। अब उनका कार्यकाल 2 अप्रैल को खत्म हो रहा है। वहीं, 2022 में हुए विधानसभा में कांग्रेस ने भाजपा को हराकर जीत हासिल की थी। 68 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के 40 विधायक हैं। ऐसे में यहां से राज्यसभा के लिए कांग्रेस उम्मीदवार की जीत तय मानी जा रही है। बता दें, चुनाव आयोग ने जिन 56 सीटों पर राज्यसभा चुनाव की घोषणा की है, उसमें हिमाचल प्रदेश भी शामिल है।
कर्नाटक से भी राज्यसभा चुनाव लड़ाने की अटकलें
हिमाचल प्रदेश के अलावा कर्नाटक से भी सोनिया गांधी को राज्यसभा चुनाव लड़ाने की अटकले हैं। हालांकि, कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के प्रमुख डीके शिवकुमार ने मंगलवार को ऐसी खबरों का खंडन किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई है। बता दें, मीडिया के एक वर्ग में ऐसी खबरें आई हैं कि सोनिया गांधी आगामी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ सकतीं और उन्हें कर्नाटक से राज्यसभा सीट दी जा सकती है। उपमुख्यमंत्री शिवकुमार ने ऐसी खबरों को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा, ऐसी सभी सूचनाएं झूठी हैं, ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई है। जानकारी के मुताबिक, सोनिया गांधी ने 1999 के लोकसभा चुनाव में कर्नाटक के बेल्लारी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता दिवंगत सुषमा स्वराज को हराकर जीत हासिल की थी।
