NEET Paper Leak: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को नीट अभ्यर्थियों से मुलाकात की। इस दौरान, राहुल गांधी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की जमकर आलोचना की। उन्होंने दावा किया, ''छात्रों ने कहा है कि अब उन्हें इस व्यवस्था पर कोई भरोसा नहीं रहा।''
NEET अभ्यर्थियों से मिले राहुल गांधी (फोटो साभार: @INCIndia)
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर नीट अभ्यर्थियों से मुलाकात की तस्वीरें शेयर कीं। उन्होंने कहा, ''छात्रों ने साफ शब्दों में कहा कि अब उन्हें इस व्यवस्था पर कोई भरोसा नहीं रहा। उनके चेहरे पर गुस्सा साफ दिखाई दे रहा था और अब उनके सब्र का बांध टूट चुका है। देश का युवा अब मोदी सरकार के भ्रष्टाचार और बेरुखी को और ज्यादा बर्दाश्त करने वाला नहीं है। याद रखिए, यही युवा इस व्यवस्था को बदलेगा।''
आत्महत्या करने वाले NEET अभ्यर्थी के परिवार से मिले राहुल
इससे पहले, राहुल गांधी ने राजस्थान के सीकर में आत्महत्या करने वाले एक नीट अभ्यर्थी के परिवार से मुलाकात की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से जवाबदेही की मांग की। राहुल गांधी ने नई दिल्ली में एनएसयूआई कार्यालय में परिवार से मुलाकात की और कहा कि छात्र प्रदीप मेघवाल की मौत 'एक टूटी हुई, भ्रष्ट व्यवस्था की देन है'।
राहुल गांधी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''आज, नीट पेपर लीक से आहत होकर आत्महत्या करने वाले होनहार छात्र प्रदीप मेघवाल के परिवार से मिला। उनका दर्द शब्दों में नहीं समा सकता। एक मां-बाप ने अपना बेटा खोया है और उनका कोई कसूर नहीं था। देश के लाखों बच्चे पढ़ाई, प्रतियोगिता और भविष्य के दबाव में जी रहे हैं। और जब पेपर लीक होता है, तो सिर्फ एक परीक्षा नहीं टूटती - एक बच्चे का सपना, और एक पूरा परिवार टूट जाता है। प्रदीप की मौत आत्महत्या नहीं - एक टूटी हुई, भ्रष्ट व्यवस्था की देन है।''
