देश

जहां सच्ची स्वतंत्रता अभी भी मायावी है- मणिपुर के नागरिकों से मिलकर बोले राहुल गांधी, हिंसा प्रभावित परिवारों की सुनी पीड़ा

राहुल गांधी ने कहा कि मैं एक बार फिर देश के प्रधानमंत्री से मणिपुर का दौरा करने और केंद्र और राज्य दोनों सरकारों पर जल्द से जल्द शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में काम करने के लिए दबाव डालने का आग्रह करता हूं।

Image

मणिपुर के नागरिकों से मिले राहुल गांधी

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • मणिपुर के हिंसा पीड़ितों से मिले राहुल गाांधी
  • राहुल गांधी ने किया पीएम मोदी ने आग्रह
  • मणिपुर की हालत लंबे समय से चुनौतीपूर्ण बनी हुई है

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मणिपुर के नागरिकों से मुलाकात की। मणिपुर में पिछले कई महीनों से हिंसा का दौर जारी है, जिसके कारण हजारों परिवार विस्थापित हो चुके हैं। दर्जनों की मौत भी हो चुकी है।

पीएम मोदी से राहुल गांधी ने किया ये आग्रह

इस दौरान लोगों ने राहुल गांधी से अपने दर्दनाक अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि कैसे उनके परिवारों को अलग कर दिया गया और उनके समुदाय पर शारीरिक और मानसिक प्रभाव पड़ा है। मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने कहा कि वह एक बार फिर पीएम मोदी ने आग्रह करते हैं कि वह मणिपुर का दौरा करें और केंद्र और राज्य सरकारों पर शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में जल्द से जल्द काम करने का दबाव डालें।

क्या बोले राहुल गांधी

इस मुलाकात को लेकर राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "आज, मैं दिल्ली में रहने वाले मणिपुरी लोगों के एक समूह से मिला, जिन्होंने अपने क्षेत्र में संघर्ष की शुरुआत के बाद से अपने दिल दहला देने वाले संघर्षों को साझा किया। उन्होंने प्रियजनों से अलग होने के दर्द और संघर्ष के कारण उनके समुदायों पर पड़ने वाले शारीरिक और मानसिक बोझ के बारे में बताया।"

नहीं दिखाया चेहरा

उन्होंने लिखा, "इन लोगों ने अपनी सुरक्षा की चिंता के कारण अपने चेहरे न दिखाने का अनुरोध किया। यह कठोर वास्तविकता है जिसे मणिपुर में हमारे भाई-बहन झेलते हैं - निरंतर भय की स्थिति, जब हम स्वतंत्रता दिवस मनाते हैं, तो आइए मणिपुर की दुर्दशा पर विचार करें, जहां सच्ची स्वतंत्रता अभी भी मायावी है।"

मणिपुर में संघर्ष

गौरतलब है कि मणिपुर की हालत लंबे समय से चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। राज्य में लंबे समय से जारी संघर्ष, हिंसा, और अस्थिरता ने लोगों के जीवन को प्रभावित किया है। मणिपुर में विभिन्न उग्रवादी समूहों और सुरक्षा बलों के बीच संघर्ष जारी है, इसमें निर्दोष लोग मारे जा रहे हैं। प्रदेश में जारी संघर्ष ने सामाजिक तनाव को बढ़ावा दिया है। संघर्ष के कारण कई लोगों को अपने घरों से पलायन करना पड़ा है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article