देश

कांग्रेस रैली: दिल्ली की सड़कें, होटल और गलियां सब भरी पड़ी हैं...प्रमोद तिवारी का दावा; वेणुगोपाल बोले- लोकतंत्र बचाना है

वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए काम करती रहेगी। यह रैली भाजपा के खिलाफ भी है, लेकिन यह असल में यह 'वोट चोरी' के खिलाफ है। यह लोकतंत्र को बचाने के लिए रैली है।

Image

केसी वेणुगोपाल (PTI)

Congress Vote Chori Rally: कांग्रेस पार्टी रविवार को राष्ट्रीय राजधानी के रामलीला मैदान में एक बड़ी रैली करेगी, जिसमें कथित 'वोट चोरी' और एसआईआर मुद्दे पर अपना अभियान तेज किया जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व पार्टी प्रमुख राहुल गांधी के रैली को संबोधित करने की उम्मीद है। कांग्रेस पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए लाखों लोग रैली में हिस्सा ले रहे हैं।

यह रैली भाजपा के खिलाफ - वेणुगोपाल

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए काम करती रहेगी। यह रैली भाजपा के खिलाफ भी है, लेकिन यह असल में यह 'वोट चोरी' के खिलाफ है। यह लोकतंत्र को बचाने के लिए रैली है। केसी वेणुगोपाल ने दावा किया कि कांग्रेस की इस रैली में लाखों लोग हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कर्नाटक, महाराष्ट्र, हरियाणा और बिहार में 'वोट चोरी' हुई। लोगों के मन में यह बात साफ है कि वोट चोरी हुई है।

प्रमोद तिवारी बोले- दिल्ली की सड़कें, होटल और गलियां सब भरे पड़े

वहीं, कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, शनिवार शाम से दिल्ली की सड़कें, होटल और गलियां सब भरी पड़ी हैं। जिस उत्साह के साथ लोग अपने आप आए हैं, वो लोकतंत्र को बचाने और संविधान की रक्षा के लिए आए हैं। वे एक मिशन के रूप में आए हैं, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी तो देश की आजादी की लड़ाई में अंग्रेजों के साथ थी। कांग्रेस ने जेल भरा, फांसी के फंदे चूमे, जुल्म सहे और देश को आजादी दिलाई। फिर भीमराव अंबेडकर ने जवाहरलाल नेहरू और राजेंद्र प्रसाद के साथ मिलकर संविधान बनाया। उसमें सबसे बहुमूल्य रत्न 'वोट का अधिकार' था। भाजपा उसी की चोरी कर रही है।

तिवारी ने कहा कि रविवार को जो शंखनाद होने जा रहा है, यह भारत की जनता का है कि हम वोट चोरी नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और हरियाणा के बाद बिहार के चुनावों में 'वोट चोरी' नहीं, बल्कि 'डकैती' हुई।

गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी की यह रैली हाल के बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद हो रही है। राहुल गांधी और कांग्रेस ने बिहार चुनाव से पहले इसे मुद्दा बनाया था। हालांकि, बिहार चुनाव में हार के बावजूद कांग्रेस पार्टी 'वोट चोरी' के मुद्दे को लेकर आगे बढ़ रही है। रविवार को होने वाली रैली में प्रियंका गांधी वाड्रा, जयराम रमेश और सचिन पायलट समेत सीनियर नेता हिस्सा लेने वाले हैं। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के भी मौजूद रहने की संभावना है। (आईएएनएस)

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!