देश

चंडीगढ़ मेयर चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका, पार्षद गुरबख्श रावत BJP में शामिल

कांग्रेस के कुल सात पार्षद थे जो अब छह रह गए हैं। इसी के साथ बीजेपी के पार्षदों की संख्या अब बढ़कर 16 हो गई है।

Image

कांग्रेस पार्षद बीजेपी में शामिल

Photo : PTI

Chandigarh Mayor Elections: चंडीगढ़ मेयर चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका लगा है। पार्षद गुरबख्श रावत भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गई हैं। कांग्रेस के कुल सात पार्षद थे जो अब छह रह गए हैं। इसी के साथ बीजेपी के पार्षदों की संख्या अब बढ़कर 16 हो गई है।

गुरबख्स रावत चंडीगढ़ के सेक्टर 33 में पार्टी कार्यालय कमलम में चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा और पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय टंडन की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुईं।

सुप्रीम कोर्ट स्वतंत्र पर्यवेक्षक नामित करेगा

वहीं सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कहा कि 30 जनवरी को होने वाले चंडीगढ़ महापौर चुनाव के लिए वह एक स्वतंत्र पर्यवेक्षक नामित करेगा। न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति एन कोटिश्वर सिंह ने पर्यवेक्षक का नाम लिए बिना यह आदेश पारित किया और कहा कि समूची चुनाव प्रक्रिया उनकी (पर्यवेक्षक की) मौजूदगी में की जाए और इसकी वीडियोग्राफी कराई जाए। पीठ ने कहा कि चंडीगढ़ प्रशासन स्वतंत्र पर्यवेक्षक को मानदेय का भुगतान करेगा।

मौजूदा महापौर कुलदीप कुमार की ओर से न्यायालय में पेश, पंजाब सरकार के महाधिवक्ता गुरमिंदर सिंह ने सुझाव दिया कि हाई कोर्ट के किसी सेवानिवृत्त न्यायाधीश को स्वतंत्र पर्यवेक्षक नियुक्त किया जा सकता है। चंडीगढ़ प्रशासन का प्रतिनिधित्व कर रहे सॉलिसीटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि स्वतंत्र पर्यवेक्षक नियुक्त किये जाने से उन्हें कोई परेशानी नहीं है लेकिन यह एक दृष्टांत नहीं बनना चाहिए जिससे कि सभी नगर निकाय शीर्ष अदालत का रुख करने लगें।

पीठ ने कहा कि वह दलीलें दर्ज करते समय केवल प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर चिंतित है और पर्यवेक्षक का नाम लिए बिना आदेश पारित किया गया है। उन्हें बाद में नामित किया जाएगा। आम आदमी पार्टी से चंडीगढ़ के महापौर कुलदीप कुमार ने एक याचिका दायर कर मतदान प्रक्रिया में निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए गुप्त मतदान के बजाय हाथ उठाकर मतदान का निर्देश देने का अनुरोध किया था। हालांकि, पीठ ने अनुरोध को खारिज कर दिया।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article