देश

आतंकवाद पर PAK को घेरने वाले भारतीय शिष्टमंडल का नेतृत्व करेंगे थरूर! सरकार पर कांग्रेस का तंज

Shashi Tharoor: सर्वदलीय शिष्टमंडल का नेतृत्व थरूर को सौंपने की मीडिया रिपोर्टों का केरल कांग्रेस ने स्वागत किया है। केरल कांग्रेस ने कहा है कि उसे उम्मीद है कि थरूर दुनिया में भारत के केस को अच्छी तरह से रखेंगे। साथ ही उसने सरकार पर तंज भी कसा। सरकार दुनिया भर में शिष्टमंडल भेजने जा रही है।

Image

दुनिया भर में पाक के खिलाफ सर्वदलीय शिष्टमंडल भेजने जा रही सरकार।

Shashi Tharoor: आतंकवाद पर पाकिस्तान को घेरने और उसे बेनकाब करने के लिए भारत सरकार ने दुनिया भर में सर्वदलीय शिष्टमंडल भेजने का फैसला किया है। रिपोर्टों की मानें तो इस शिष्टमंडल का नेतृत्व कांग्रेस सांसद शशि थरूर करेंगे। शिष्टमंडल का नेतृत्व थरूर को सौंपने की मीडिया रिपोर्टों का केरल कांग्रेस ने स्वागत किया है। केरल कांग्रेस ने कहा है कि उसे उम्मीद है कि थरूर दुनिया में भारत के केस को अच्छी तरह से रखेंगे। साथ ही उसने सरकार पर तंज भी कसा।

सरकार के फैसले पर कांग्रेस का तंज

X पर अपने एक ट्वीट में केरल कांग्रेस ने कहा कि 'ऐसे समय में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विश्वसनीयता खो चुके हैं, तो देश को एक ऐसी आवाज की जरूरत है जो सम्मान लेकर आए। भाजपा में प्रतिभा की कमी उजागर करने वाले सरकार के इस कदम की हम सराहना करते हैं।' रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि भारत की कूटनीतिक पहल के हिस्से के रूप में सात राजनीतिक दलों से करीब 40 सांसद दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में जाएंगे। ये सांसद आतंकवाद को दिए जाने वाले पाकिस्तान के समर्थन और भारत के 'ऑपरेशन सिंदूर' के बारे में दुनिया को बताएंगे।

23 मई को रवाना हो सकता है शिष्टमंडल

सांसदों की यह विदेश यात्रा 10 दिनों की होगी। शिष्टमंडल 23 मई को रवाना हो सकता है। ये शिष्टमंडल अमेरिका, ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात, दक्षिण अफ्रीका और जापान सहित कई देशों की राजधानियों का दौरा कर सकते हैं। सरकार की इस कूटनीतिक पहल का समन्वय संसदीय कार्यमंत्री किरण रिजिजू कर रहे हैं। हालांकि, इस शिष्टमंडल के बारे में सरकार ने अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की है। सूत्रों का कहना है कि आतंकवाद पर पाकिस्तान को पूरी तरह बेनकाब करने के लिए सरकार जरूरी दस्तावेज और रिपोर्ट तैयार कर रही है।

शिष्टमंडल के लिए इन नामों की चर्चा

रिपोर्टों के मुताबिक शिष्टमंडल में शामिल होने सरकार और विपक्ष से जिन नेताओं को शामिल किया जा रहा है, उनमें निशिकांत दुबे, रविशंकर प्रसाद, बांसुरी स्वराज, अनुराग ठाकुर, समिक भट्टाचार्य, दग्गुबाती पुरंदेश्वरी, एसएस अहलूवालिया – पूर्व मंत्री/पूर्व सांसद, श्रीकांत शिंदे, सुप्रिया सुले, प्रियंका चतुवेर्दी, विक्रमजीत साहवनी, शशि थरूर, सलमान खुर्शीद, कनिमोझी, जॉन ब्रिटास, असदुद्दीन औवेसी, गुलाम नबी आजाद, मनीष तिवारी और एमजे अकबर के नाम शामिल हैं।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!