देश

कर्नाटक कांग्रेस को मिला नया अध्यक्ष, खरगे ने की बीके हरिप्रसाद की तत्काल नियुक्त; शिवकुमार की ली जगह

Karnataka Congress Chief: कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता बीके हरिप्रसाद को बुधवार को पार्टी की कर्नाटक इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया। हरिप्रसाद ने डीके शिवकुमार की जगह ली है।

Image

कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बने बीके हरिप्रसाद (फोटो साभार: @HariprasadBK2)

Photo : Twitter

Karnataka Congress Chief: कांग्रेस ने लंबे समय से लगाई जा रही अटकलबाजियों पर बुधवार को विराम लगा दिया। कांग्रेस ने पार्टी के वरिष्ठ नेता बीके हरिप्रसाद को कर्नाटक इकाई की कमान सौंपी है। बता दें कि हरिप्रसाद ने डीके शिवकुमार की जगह ली है, जो बुधवार को ही राज्य के नए मुख्यमंत्री बने।

खरगे ने हरिप्रसाद को नियुक्त किया कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हरिप्रसाद की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से की है। कांग्रेस ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से हटे शिवकुमार का उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।

कौन हैं बीके हरिप्रसाद

बीके हरिप्रसाद अभी कर्नाटक विधान परिषद के सदस्य हैं और उनका कार्यकाल समाप्त हो रहा है। साथ ही उन्हें पीएम मोदी, भाजपा और आरएसएस का मुखर आलोचक माना जाता है। हरिप्रसाद पहले राज्यसभा के सदस्य भी रह चुके हैं और कांग्रेस के भीतर अहम संगठनात्मक पदों पर रह चुके हैं। 29 जुलाई, 1954 को जन्मे हरिप्रसाद बिल्लव समुदाय से आते हैं, जिसे कर्नाटक में ओबीसी समुदाय में रखा गया है।

हरिप्रसाद को बुधवार को ही कर्नाटक विधान परिषद चुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किया गया। वह अब तक हरियाणा के लिए कांग्रेस प्रभारी की जिम्मेदारी निभा रहे थे। कांग्रेस ने हरिप्रसाद समेत चार नेताओं को विधान परिषद चुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किया है। जिनमें तिप्पन्ना कमक्कनूर, पी वी मोहन तथा शिवन्ना मालावल्ली शामिल हैं।

कब होगा विधान परिषद का चुनाव?

कर्नाटक की चार राज्यसभा और सात विधान परिषद सीट पर चुनाव के लिए अधिसूचना बीते सोमवार को जारी की गई, जिसके तहत मतदान 18 जून को होगा। विधानसभा में मौजूदा संख्या बल के मद्देनजर सत्ताधारी कांग्रेस के राज्यसभा की चार सीट में से तीन और विधान परिषद की सात सीट में से कम से कम चार पर जीत हासिल करने की संभावना है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article