देश

गिरगिट को टक्कर और आया राम-गया राम...कांग्रेस ने इस तरह कसा नीतीश कुमार पर तंज

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 28, 2024, 02:18 PM IST

Bihar Politics: कांग्रेस ने नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि बार-बार राजनीतिक साझेदार बदलने वाले नीतीश कुमार रंग बदलने में गिरगिटों को कड़ी टक्कर दे रहे हैं।

Image

मल्लिकार्जुन खड़गे

Photo : ANI

Bihar Politics: नीतीश कुमार के रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस ने उनकी तुलना गिरगिट से की और कहा कि राज्य के लोग इस विश्वासघात के लिए उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे। बता दें, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपाल राजेन्द्र वी आर्लेकर को रविवार सुबह अपना इस्तीफा सौंप दिया। वह राज्य में महागठबंधन से अलग हो गए। कुमार के इस कदम से इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया) को भी बड़ा झटका लगा है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि वह महागठबंधन छोड़ने के कुमार के फैसले के बारे में पहले से जानते थे लेकिन उन्होंने इंडिया को बरकरार रखने के लिए कुछ नहीं कहा। खरगे ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, देश में 'आया राम-गया राम' जैसे कई लोग हैं। पहले वे और हम मिलकर लड़ रहे थे। जब मैंने लालू प्रसाद जी और तेजस्वी यादव से बात की तो उन्होंने भी कहा कि नीतीश जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि नीतीश कुमार रुकना चाहते तो वह रुक सकते थे लेकिन वह जाना ही चाहते थे।

पहले से ही हमें इसकी जानकारी

खरगे ने कहा, इसलिए ये बात हमें पहले से ही पता थी, लेकिन इंडिया गठबंधन को बरकरार रखने के लिए हमने कुछ नहीं कहा। अगर हम कुछ गलत कहते तो बाहर गलत संदेश जाता। इसकी जानकारी हमें लालू प्रसाद यादव जी और तेजस्वी यादव जी ने पहले ही दे दी थी। आज यह सच हो गया। बता दें, बार-बार पार्टी बदलने के संदर्भ में आया राम गया राम जुमले का 1990 के दशक में राजनीति में व्यापक रूप से इस्तेमाल किया गया था।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा से ध्यान भटकाने की कोशिश

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने नीतीश कुमार के इस कदम की आलोचना करते हुए कहा कि यह साफ है कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा से ध्यान भटकाने के लिए यह राजनीतिक नाटक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जल्द ही बिहार में प्रवेश करने वाली राहुल गांधी की यात्रा से घबराए हुए हैं। रमेश ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, बार-बार राजनीतिक साझेदार बदलने वाले नीतीश कुमार रंग बदलने में गिरगिटों को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता विश्वासघात विशेषज्ञ और उन्हें इशारों पर नचाने वालों को माफ नहीं करेगी। रमेश ने कहा, बिलकुल साफ है कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा से प्रधानमंत्री और भाजपा घबराए हुए हैं और उससे ध्यान हटाने के लिए यह राजनीतिक नाटक रचा गया है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article