North India Weather Update : दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कोहरे की वजह से रेल एवं हवाई सेवा प्रभावित हुई है। इस बार सर्दी का मौसम ज्यादा लंबा खींचने की वजह से लोग हैरान और परेशान हैं। बीच-बीच में तापमान में गिरावट या वृद्धि दर्ज की जा रही है। ठिठुरन भरी ठंड इस बार फरवरी के मध्य तक रह सकती है। पंजाब और हरियाणा में सर्दी का सितम जारी है। सिरसा में न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
उत्तर भारत में सर्दी का कहर।
दिल्ली में शुक्रवार सुबह घना कोहरा
गणतंत्र दिवस के दिन शुक्रवार सुबह दिल्ली में घना कोहरा छाया रहा और शहर में न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम कार्यालय के अनुसार, इंदिरा गांधी हवाई अड्डे और सफदरजंग हवाई अड्डे पर घने कोहरे के कारण सुबह साढ़े आठ बजे दृश्यता क्रमशः 100 मीटर और 300 मीटर रही। सुबह ठंड रही और न्यूनतम तापमान इस मौसम के औसत तापमान से चार डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट
मौसम वैज्ञानिकों ने दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। उन्होंने बताया कि अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया था। दिल्ली में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो इस मौसम के औसत तापमान से तीन डिग्री सेल्सियस कम है और अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
सिरसा हरियाणा में सबसे ठंडा
हरियाणा और पंजाब में बृहस्पतिवार को ठंड का कहर कम नहीं हुआ और कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 3.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सिरसा हरियाणा में सबसे ठंडा स्थान रहा। राज्य के हिसार और फतेहाबाद में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस, अंबाला में 4.6 डिग्री सेल्सियस, भिवानी में 5.7 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 4.4 डिग्री सेल्सियस और रोहतक में 5.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमाान दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
गुरदासपुर में तापमान 4 डिग्री सेल्सियस
पंजाब के गुरदासपुर में कड़ाके की ठंड पड़ी, जहां न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस, पटियाला, बठिंडा और फरीदकोट में पांच डिग्री सेल्सियस, अमृतसर और लुधियाना में 5.5 डिग्री सेल्सियस और पठानकोट में छह डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। दोनों राज्यों में कई स्थानों पर सुबह कोहरे के कारण दृश्यता कम रही।
आईएमडी ने कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया
यही नहीं, आईएमडी ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान जैसे उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में 'कोल्ड डे' और 'सीवियर कोल्ड डे' का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
