देश

Ramlala Surya Tilak Video: रामलला के 'सूर्य तिलक' को सीएम योगी ने बताया 'सनातन राष्ट्र' के हृदय का 'अमर दीप'

Ramlala Surya Tilak: उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह सूर्य तिलक पूरे भारत को आत्मगौरव के प्रकाश से आलोकित कर रहा है और यह हमारी संस्कृति की पवित्रता को दर्शाता है।

Image

अभिजीत मुहूर्त पर श्री राम लला के ललाट पर सूर्य तिलक हुआ

KEY HIGHLIGHTS
  1. रामनवमी के अवसर पर अभिजीत मुहूर्त पर श्री राम लला के ललाट पर सूर्य तिलक हुआ
  2. करीब चार मिनट तक यह दुर्लभ संयोग रहा। दुनिया इस अभूतपूर्व पल की साक्षी बनी
  3. ट्रस्ट का फैसला-अगले बीस साल तक लगातार सूर्य तिलक होता रहेगा

Surya Tilak of Ram Lalla: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामनवमी के पावन अवसर पर अयोध्या में श्री राम लला के ललाट पर सूर्य तिलक के दृश्य को सनातन राष्ट्र की आस्था का प्रतीक बताया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस खास पल को लेकर एक भावुक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने इसे भारत की संस्कृति और परंपराओं की दिव्यता की अभिव्यक्ति करार दिया।

सीएम योगी ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'सकल सौभाग्यप्रद सर्वतोभद्र-निधि, सर्व, सर्वेश, सर्वाभिरामं। शर्व-हृदि-कंज-मकरंद-मधुकर रुचिर-रूप, भूपालमणि नौमि रामं॥ सूर्यकुलभूषण प्रभु श्री रामलला के भव्य भाल पर अंकित यह स्वर्णिम 'सूर्य तिलक' सनातन राष्ट्र के हृदय में आस्था का अमर दीप प्रज्वलित कर रहा है।'

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह दिव्य क्षण 'विकसित भारत-आत्मनिर्भर भारत' के हर संकल्प को अपनी आभा से प्रकाशित करेगा। पोस्ट के अंत में उन्होंने 'जय जय श्री राम!'लिखकर अपनी भक्ति और उत्साह को व्यक्त किया।

गर्भगृह की लाइट बंद कर दी गई, ताकि सूर्य तिलक स्पष्ट नजर आए

बता दें कि रामनवमी के अवसर पर अभिजीत मुहूर्त पर श्री राम लला के ललाट पर सूर्य तिलक हुआ। करीब चार मिनट तक यह दुर्लभ संयोग रहा। दुनिया इस अभूतपूर्व पल की साक्षी बनी। सूर्य तिलक के साथ ही मंदिर में आरती की गई। इससे पहले कुछ देर के लिए मंदिर के पट बंद किए गए। गर्भगृह की लाइट बंद कर दी गई, ताकि सूर्य तिलक स्पष्ट नजर आए।

सूर्य तिलक को लेकर शनिवार को आखिरी ट्रायल किया गया था

सूर्य तिलक को लेकर शनिवार को आखिरी ट्रायल किया गया था। आठ मिनट तक चले इस ट्रायल के दौरान इसरो के साथ-साथ आईआईटी रुड़की और आईआईटी चेन्नई के एक्सपर्ट भी मौजूद रहे थे। रामनवमी पर दूसरी बार रामलला के ललाट पर सूर्य तिलक किया गया है। इसका सीधा प्रसारण देश-दुनिया के लोगों ने देखा। रामनवमी के अवसर पर बीते साल भी रामलला का सूर्य तिलक किया गया था। ट्रस्ट ने फैसला लिया है कि अगले बीस साल तक लगातार सूर्य तिलक होता रहेगा।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article