देश

हाय रे बेबसी! पति को पीठ पर लाद CM शुभेंदु के जनता दरबार पहुंची बेबस पत्नी, सुनाई दिल को झकझोर देने वाली आपबीती; VIDEO

Suvendu Adhikari Janta Darbar: कोलकाता के साल्ट लेक स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित 'जनता दरबार' में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान सुंदरबन से आई एक महिला अपने दिव्यांग पति संन्यासी मंडल को पीठ पर लादकर न्याय की गुहार लगाने पहुँची, जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। पीड़ित ने बताया कि वह असहाय है और उसे एक इलेक्ट्रिक व्हीकल तथा पक्के मकान की सख्त जरूरत है, साथ ही उसकी पत्नी को 'लक्ष्मी भंडार' योजना का लाभ भी नहीं मिला है।

Image

सीएम शुभेंदु अधिकारी के जनता दरबार पहुंचे पति-पत्नी। AI IMAGE

Suvendu Adhikari Janta Darbar: कोलकाता के साल्ट लेक स्थित भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश कार्यालय में ‘जनता दरबार’ सजा। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जनता की फरियाद सुनी। जनता दरबार में एक बेहद भावुक करने वाला क्षण देखने को मिला।

'जनता दरबार' में सुंदरबन से आई एक महिला अपने दिव्यांग पति को पीठ पर लादकर न्याय की गुहार लगाने पहुंची। इस घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।

क्या है पूरा मामला?

पीड़ित परिवार सुंदरबन इलाके का रहने वाला है। पीड़ित व्यक्ति, संन्यासी मंडल, शारीरिक रूप से अक्षम (दिव्यांग) हैं। उनके पास चलने-फिरने का कोई साधन नहीं था और न ही सरकारी योजनाओं का कोई लाभ मिल रहा था। ऐसे में उनकी पत्नी उन्हें अपनी पीठ पर उठाकर साल्ट लेक स्थित भाजपा कार्यालय में चल रहे जनता दरबार तक लेकर आईं।

संन्यासी मंडल ने समचार एजेंसी एएनआई से बातचीत के दौरान कहा, "मैं सुंदरबन से आया हूं। मैं पूरी तरह असहाय हूं और मुझे एक इलेक्ट्रिक व्हीकल (तिपहिया साइकिल) की सख्त ज़रूरत है। मेरी पत्नी को सरकार की 'लक्ष्मी भंडार' योजना का भी कोई लाभ नहीं मिला। एक दिव्यांग होने के नाते, मैं खुद मंच तक गया और मुख्यमंत्री से अपने लिए एक पक्के मकान की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री ने हमें आश्वासन दिया है कि अगले 7 दिनों के भीतर हमारी इस समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।"

सीएम ने तुरंत लिया एक्शन

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने महिला के इस संघर्ष और पीड़ित परिवार की हालत को देखकर तुरंत मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने पीड़ित संन्यासी मंडल और उनकी पत्नी को भरोसा दिलाया कि उनकी मांग पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए परिवार को आश्वासन दिया कि 7 दिनों के भीतर उन्हें रहने के लिए मकान और आवश्यक सरकारी सहायता उपलब्ध करा दी जाएगी।

बता दें कि मुख्यमंत्री हर सोमवार सुबह 9 बजे से 11 बजे तक साल्ट लेक पार्टी कार्यालय में उपस्थित रहकर लोगों की फरियाद सुनेंगे। हालांकि, इस सप्ताह कैबिनेट के विस्तार और नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह के कारण सोमवार को यह कार्यक्रम तय समय पर आयोजित नहीं हो सका. यही वजह रही कि इस बार सोमवार के बजाय मंगलवार को जनता दरबार लगाया गया, जहां मुख्यमंत्री खुद जनसमस्याओं से रूबरू हुए।

कलाकारों, पेशेवरों और आम नागरिकों ने की शिकायतें

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को अपना तीसरा साप्ताहिक ’जनता दरबार’ लगाया, जिसमें बड़ी संख्या में मरीजों, कलाकारों, पेशेवरों और आम नागरिकों ने पहुंचकर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं और नए मुख्यमंत्री को अपनी कठिनाइयों से अवगत कराया। यहां साल्ट लेक स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे इमारत के आसपास की संकरी गलियां प्रतीक्षालय में तब्दील हो गईं। इनमें से कई लोगों ने मुख्यमंत्री से सीधे मुलाकात की आस में राज्य के विभिन्न जिलों और दूर-दराज के इलाकों से यात्रा की थी।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article