क्या अरविंद केजरीवाल को मिलेगी जमानत? सुप्रीम कोर्ट कल सुनाएगा फैसला

CBI केस में अरविंद केजरीवाल की जमानत पर सुप्रीम कोर्ट अपना फैसला कल सुनाएगी। सीएम केजरीवाल द्वारा जमानत की मांग करते हुए और कथित उत्पाद शुल्क नीति घोटाले से जुड़े भ्रष्टाचार के एक मामले में सीबीआई द्वारा उनकी गिरफ्तारी को बरकरार रखने के दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश को चुनौती देते हुए याचिका दायर की गई है।

Arvind Kejriwal: सुप्रीम कोर्ट कल यानि शुक्रवार को सीबीआई (CBI) मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जमानत याचिका पर फैसला सुनाएगा। पिछले सप्ताह सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली शराब नीति मामले में जमानत मांगने और सीबीआई द्वारा गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली उनकी दोनों याचिकाओं पर फैसला सुरक्षित रख लिया था। वहीं दिल्ली की एक अदालत ने बुधवार को कथित शराब नीति घोटाले से जुड़े सीबीआई मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की न्यायिक हिरासत 25 सितंबर तक बढ़ा दी।

Arvind Kejriwal

सुप्रीम कोर्ट अरविंद केजरीवाल की जमानत याचिका पर कल सुनाएगा फैसला

21 मार्च को सीएम केजरीवाल को किया गया था गिरफ्तार

दिल्ली के सीएम 21 मार्च से हिरासत में हैं, जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उन्हें अब समाप्त हो चुकी दिल्ली आबकारी नीति में कथित अनियमितताओं के लिए गिरफ्तार किया था। सुप्रीम कोर्ट ने पहले ही ईडी मामले में केजरीवाल को अंतरिम जमानत दे दी है। हालांकि, वह फिलहाल CBI मामले में जेल में हैं। आप प्रमुख को 26 जून को भ्रष्टाचार के एक मामले में सीबीआई ने गिरफ्तार किया था। सीबीआई ने आरोप लगाया है कि इस बात के सबूत हैं कि आप प्रमुख ने गोवा चुनाव में 40 निर्वाचन क्षेत्रों के प्रत्येक उम्मीदवार को 90 लाख रुपये देने का वादा किया था। और यह पैसा कथित तौर पर अब समाप्त हो चुकी दिल्ली शराब नीति से अवैध रूप से एकत्र किए गए धन से आया था।

End of Feed