देश

ED का दावा, महादेव ऐप के प्रमोटर्स ने भूपेश बघेल को दिए 508 करोड़ रुपये...सीएम ने किया पलटवार

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Nov 3, 2023, 10:33 PM IST

ईडी के सूत्रों ने कहा कि जांच एजेंसी को विश्वसनीय इनपुट मिले और उन्होंने गुरुवार को छत्तीसगढ़ में तलाशी अभियान चलाया और राज्य में 5.39 करोड़ रुपये नकद बरामद किए।

Image

भूपेश बघेल

Photo : PTI

Bhupesh Baghel: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव से ऐन पहले सीएम भूपेश बघेल पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। मामला सट्टेहाजी ऐप से जुड़ा हुआ है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दावा किया है कि चुनावी राज्य छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को यूएई के महादेव सट्टेबाजी ऐप प्रमोटरों से 508 करोड़ रुपये का नियमित भुगतान मिला है। ईडी के सूत्रों ने कहा कि जांच एजेंसी को विश्वसनीय इनपुट मिले और उन्होंने गुरुवार को छत्तीसगढ़ में तलाशी अभियान चलाया और राज्य में 5.39 करोड़ रुपये नकद बरामद किए।

ईडी ने एक शख्स को किया गिरफ्तार

प्रवर्तन निदेशालय ने शुक्रवार को दावा किया कि उसने पैसे का लेन-देन करने वाले एक व्यक्ति का बयान दर्ज किया है, जिसने कहा है कि महादेव सट्टेबाजी ऐप के प्रवर्तक छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को अब तक 508 करोड़ रुपये का भुगतान कर चुके हैं। ईडी ने कहा कि यह जांच का विषय है। ईडी छत्तीसगढ़ में पैसे का लेन-देन करने वाले असीम दास के पास से 5.39 करोड़ रुपये बरामद करने के बाद उसे गिरफ्तार कर चुकी है। ईडी महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप और उसके प्रवर्तकों के खिलाफ धनशोधन रोधी कानून के तहत जांच कर रही है।

ईडी ने कहा, बघेल को नियमित भुगतान मिला

एजेंसी ने एक बयान में कहा, असीम दास से पूछताछ, उसके पास से बरामद फोन की फोरेंसिक जांच और महादेव नेटवर्क के उच्च पदस्थ आरोपियों में से एक शुभम सोनी द्वारा भेजे गए ईमेल की पड़ताल से कई चौंकाने वाले आरोप सामने आए हैं। पता चला है कि महादेव ऐप के प्रमोटर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को अतीत में नियमित तौर पर भुगतान करते रहे हैं और अब तक लगभग 508 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। ईडी ने कहा कि यह जांच का विषय है। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण में सात नवंबर जबकि दूसरे चरण में 17 नवंबर को मतदान होगा।

बघेल ने दी प्रतिक्रिया

वहीं, ईडी के इस दावे पर कि उन्हें महादेव ऐप प्रमोटरों द्वारा 508 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कहा, क्या इससे बड़ा मजाक हो सकता है? अगर आज मैं किसी को पकड़ूं और उससे पीएम मोदी का नाम लेने के लिए कहूं, तो क्या वे ऐसा करेंगे। ईडी उससे पूछताछ करे? किसी की प्रतिष्ठा को धूमिल करना बहुत आसान हो गया है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article