देश

अब सुप्रीम कोर्ट की चौखट पर अरविंद केजरीवाल, तिहाड़ में आज दिल्ली के CM से नहीं मिल पाएंगे संजय सिंह और भगवंत मान

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 10, 2024, 10:29 AM IST

Delhi: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। उच्च न्यायालय ने उनकी गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली उनकी याचिका खारिज कर दी थी। वहीं आम आदमी पार्टी ने कहा है कि भगवंत मान, संजय सिंह आज तिहाड़ में सीएम केजरीवाल से नहीं मिल पाएंगे।

Image

अरविंद केजरीवाल पहुंचे सुप्रीम कोर्ट।

Photo : Times Now Digital

Arvind Kejriwal News: दिल्ली हाईकोर्ट से कोई राहत पाने में असफल होने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के संजयोजक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा उनकी गिरफ्तारी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। ‘आप’ ने साथ ही दावा किया है, ‘तथाकथित आबकारी नीति घोटाला केजरीवाल और उनकी पार्टी को खत्म करने की सबसे बड़ी राजनीतिक साजिश है।’

सुप्रीम कोर्ट की चौखट पर सीएम अरविंद केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली उच्च न्यायालय के उस आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया, जिसमें दिल्ली की उत्पाद शुल्क नीति अनियमितता मामले में उनकी गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली उनकी याचिका खारिज कर दी गई थी

केजरीवाल से नहीं मिल पाएंगे सीएम मान और संजय सिंह

आम आदमी पार्टी (आप) का कहना है कि पंजाब सीएम भगवंत मान और आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह बुधवार को तिहाड़ जेल में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से नहीं मिल पाएंगे। आप ने कहा, 'तिहाड़ जेल ने सुरक्षा कारणों का हवाला दिया है। कल (मंगलवार को) भगवंत मान और संजय सिंह का केजरीवाल से मिलने का समय तय हुआ था। अब, मिलने के लिए तिहाड़ जेल नए समय के बारे में जानकारी देगी।'

प्रशासन को केजरीवाल से मिला था मुलाकात का पत्र

जेल सूत्रों के मुताबिक, प्रशासन को सीएम केजरीवाल से मुलाकात का पत्र मिला था। आज, तिहाड़ के डीआईजी पत्र का जवाब देंगे। डीआइजी के जवाब से सुरक्षा के बारे में जानकारी मिलेगी और बैठक की कुछ तारीखें सुझायी जाएंगी। उसके बाद उन तारीखों पर अगर संजय सिंह और सीएम भगवंत मान चाहें तो सीएम केजरीवाल से मिल सकते हैं।

सीएम केजरीवाल को कथित उत्पाद शुल्क घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। इस वक्त सीएम अरविंद केजरीवाल दिल्ली की तिहाड़ जेल में हैं।

सीएम केजरीवाल को दिल्ली हाईकोर्ट से लगा है झटका

दिल्ली उच्च न्यायालय ने इससे पहले केजरीवाल की वह याचिका खारिज कर दी, जिसमें उन्होंने 21 मार्च को ईडी द्वारा की गई गिरफ्तारी को चुनौती दी थी। उच्च न्यायालय का फैसला लोकसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल की अनुपस्थिति में अपनी गतिविधियों को व्यवस्थित करने की कोशिश कर रही ‘आप’ के लिए एक झटका साबित हो सकता है।

केजरीवाल ने 21 मार्च को अपनी गिरफ्तारी से लगभग एक पखवाड़े पहले दिल्ली में ‘आप’ का लोकसभा चुनाव अभियान ‘संसद में भी केजरीवाल, तो दिल्ली होगी और खुशहाल’ के नारे से शुरू किया था। सूत्रों ने बताया कि पार्टी ने अब अपनी रणनीति में बदलाव किया है और मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी के मद्देनजर कथित सहानुभूति लहर का चुनावी लाभ उठाने के लिए एक नया नारा ‘जेल का जवाब, वोट से’ दिया है।

कुल 22 लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ रही है आप

‘आप’ दिल्ली, पंजाब, गुजरात, असम और हरियाणा की कुल 22 लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ रही है और केजरीवाल को पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करना था। उनकी अनुपस्थिति में, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, राज्यसभा सदस्य संजय सिंह और दिल्ली की मंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज सहित पार्टी के अन्य नेताओं को कमान संभालनी होगी। ‘आप’ सूत्रों ने बताया कि संजय सिंह और मान ने दिन में पंजाब के मंत्रियों और आप विधायकों के साथ बैठक की। केजरीवाल की अनुपस्थिति में उन पर पार्टी के चुनाव अभियान को चलाने की बड़ी जिम्मेदारी है।

पत्नी सुनीता केजरीवाल की भूमिका नहीं हुई स्पष्ट

‘आप’ ने अभी तक पार्टी के चुनाव प्रचार में अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल की भूमिका को स्पष्ट नहीं किया है। हालांकि, सुनीता केजरीवाल 31 मार्च को यहां रामलीला मैदान में ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली में शामिल हुई थीं। केजरीवाल ने गिरफ्तारी के साथ-साथ मामले में उन्हें ईडी की हिरासत में भेजने को भी चुनौती दी थी। वह इस समय न्यायिक हिरासत में हैं।

किस मामले में केजरीवाल के खिलाफ हुई है कार्रवाई?

यह मामला 2021-22 के लिए दिल्ली सरकार की आबकारी नीति तैयार करने और क्रियान्वित करने में कथित भ्रष्टाचार तथा धनशोधन से संबंधित है। संबंधित नीति को बाद में रद्द कर दिया गया था। धन शोधन रोधी एजेंसी की दंडात्मक कार्रवाई से सुरक्षा देने से उच्च न्यायालय के इनकार के कुछ ही घंटे बाद ईडी ने केजरीवाल को 21 मार्च को गिरफ्तार कर लिया था। ईडी की हिरासत की अवधि समाप्त होने पर निचली अदालत में पेश किए जाने के बाद उन्हें एक अप्रैल को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था और वह इस समय तिहाड़ जेल में हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article