देश

Ayodhya: रामलला के दर पर सीएम केजरीवाल! भगवंत मान संग राम मंदिर में करेंगे पूजा-अर्चना

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 12, 2024, 08:42 AM IST

Ayodhya Ram Mandir: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान आज अयोध्या जाएंगे, जहां वो श्री रामलला के दर्शन पूजन करेंगे। इससे पहले यूपी के करीब 325 विधायकों ने सीएम योगी आदित्‍यनाथ के साथ नवनिर्मित राम मंदिर का दौरा किया और रामलला का दर्शन पूजन किया।

Image

अयोध्या के राम मंदिर में सीएम केजरीवाल और भगवंत मान।

Photo : Times Now Digital

Kejriwal in Ayodhya: राम मंदिर निर्माण का सपना पूरा हुआ तो देशभर के दिग्गज रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान भी आज अयोध्या पहुंचेंगे, जहां वो राम मंदिर में राम लला के दर्शन करेंगे और पूजा अर्चना करेंगे।

रामलला का दर्शन करेंगे सीएम केजरीवाल और मान

अयोध्या के राम मंदिर में जब रामलला की प्रतिष्ठा होनी थी, तो समारोह का आयोजन किया गया था। विपक्षी गठबंधन INDIA में शामिल दलों ने निमंत्रण ठुकराते हुए अलग-अलग दलीलें दी थी। पहले तो नेताओं ने निमंत्रण न मिलने का मुद्दा उठाया और जब निमंत्रण मिला तो इस समारोह को राजनीतिक कार्यक्रम बताते हुए जाने से इनकार कर दिया। इसमें ममता बनर्जी, शरद पवार, मल्लिकार्जुन खड़गे, अखिलेश यादव जैसे नेता शामिल थे। अरविंद केजरीवाल ने भी उस वक्त ये कहा था कि वो अपने पूरे परिवार (पत्नी, माता-पिता और बच्चों) के साथ रामलला के दर्शन करना चाहते हैं। अब केजरीवाल और भगवंत मान अयोध्या में राम मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे।

11 बजे अयोध्या हवाई अड्डे पर उतरेंगे दोनों नेता

आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता सभाजीत सिंह ने रविवार को बताया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सोमवार को अयोध्या जाएंगे। उन्होंने बताया कि पार्टी के दोनों नेता दिल्ली से विशेष विमान से पूर्वाह्न करीब 11 बजे अयोध्या हवाई अड्डे पर उतरेंगे और राम मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे।

अयोध्या में यूपी के विधायकों ने रामलला के दर्शन किये

मुख्‍य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) को छोड़कर उत्तर प्रदेश के दोनों सदन (विधानसभा और विधान परिषद) के करीब 325 विधायकों ने मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के साथ नवनिर्मित राम मंदिर का दौरा किया और श्री रामलला का दर्शन पूजन किया। राम मंदिर में उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान के सामने साष्टांग दंडवत कर पूजा-अर्चना की। विधायकों के मंदिरों के शहर में पहुंचने पर अयोध्या के वासियों में उत्साह देखा गया और उन्होंने फूलों की वर्षा की। जैसे ही बस ने अयोध्या में प्रवेश किया फूलों की बरसात शुरू हो गयी। लोग उत्साह में नारे लगा रहे थे।

‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन गाते दिखे विधायक

योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्‍स’ पर एक पोस्ट में कहा, 'आज श्री अयोध्या धाम में उत्तर प्रदेश विधानसभा के माननीय अध्यक्ष सतीश महाना, विधान परिषद के माननीय सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह और सम्मानित सहयोगियों के साथ भगवान श्री रामलला के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। जय सीताराम।' मुख्यमंत्री ओर से साझा किये गये 14 मिनट के वीडियो में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना समेत कई विधायक ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन गाते दिखाई दे रहे हैं।

कुछ विधायकों ने मंदिर की सीढ़ियों पर बैठकर समूह में तस्वीरें खिंचवाईं। उप्र विधानसभा के सूत्रों ने बताया, '325 से कुछ अधिक विधायकों (विधान सभा और विधान परिषद दोनों के सदस्यों) ने अयोध्या में भगवान राम की पूजा की। कुछ विधायकों की पत्नियां भी उनके साथ थीं। कुल मिलाकर, दल का आकार 400 से अधिक था।'

रघुराज प्रताप सिंह समेत कई विपक्षी विधायक रहे मौजूद

इस दौरान शामिल पार्टी नेताओं में भारतीय जनता पार्टी के सहयोगी दल अपना दल (एस), निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद) और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के सदस्‍यों के अलावा विपक्षी दलों में कांग्रेस की आराधना मिश्रा ‘मोना’, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के रघुराज प्रताप सिंह और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के उमाशंकर सिंह तथा राष्‍ट्रीय लोकदल (रालोद) के राजपाल सिंह बालियान शामिल रहे। दर्शन पूजन के बाद अयोध्‍या में ही विधायकों के लिए भोज का आयोजन हुआ और उसके बाद सभी लखनऊ लौट गये।

यूपी 403 सदस्यीय विधानसभा में मौजूदा समय में भारतीय जनता पार्टी के 252, उसके सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) के 13, निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद) के छह और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के छह विधायक हैं। इसके अलावा राज्‍य के मुख्‍य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के 108, राष्‍ट्रीय लोकदल के नौ, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के दो, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के दो और बहुजन समाज पार्टी के एक विधायक हैं। राज्‍य के 100 सदस्यीय उच्च सदन विधान परिषद में भारतीय जनता पार्टी के 82, समाजवादी पार्टी के नौ, अपना दल सोनेलाल के एक, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के एक, बसपा के एक और शिक्षक दल व निर्दलीय समूह समेत कुल पांच सदस्य हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article