पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नई दिल्ली जिले में CJP प्रदर्शनकारियों के साथ झड़प में 50 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिसके बाद सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जबकि हिंसा के बाद पुलिस ने स्थिति को काबू में कर लिया।सूत्रों ने बताया कि नई दिल्ली जिले में अहम जगहों पर सुरक्षा और बढ़ा दी गई और झड़प में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
सोमवार को संसद की ओर मार्च करते समय 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के हजारों प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने संसद स्ट्रीट के पास लाठीचार्ज किया। कई रास्तों पर शाम तक गतिरोध बना रहा। दावा किया जा रहा है कि दिल्ली जनपथ मेट्रो स्टेशन गेट नंबर 3 पर पुलिस की PCR गाड़ी को प्रदर्शनकारियों द्वारा तोड़ा गया है।
'हिंसा के पीछे साजिश की भी जांच होगी'
पुलिस के मुताबिक अब तक 70 लोगों को हिरासत में लिया गया इनमें से कई लोग छात्र नहीं हैं। हिंसा के पीछे साजिश की जांच होगी,पुलिस इस मामले में पाकिस्तान एंगल की भी जांच कर रही है। दरअसल पाकिस्तान के अलग अलग हैंडल से हिंसा को लेकर कई ट्वीट आ रहे है और प्रदर्शन को लेकर लगतार अफवाहें फैलाई जा रही है। कहा जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों ने जनपथ पर कई दुकानें तोड़ी है और हिंसा में 5 से ज्यादा IPS अफसर घायल हुए हैं ऐसा दावा भी किया गया है।
'सभी प्रदर्शनकारियों से अनुरोध है कि वे शांतिपूर्ण व्यवहार करें'
दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त मुख्य पुलिस अधिकारी/पीआरओ राजीव रंजन ने कहा, 'दिल्ली पुलिस सभी प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने, संयम बरतने और शांति एवं सार्वजनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने में पुलिस के साथ सहयोग करने की अपील करती है। सभी प्रदर्शनकारियों से अनुरोध है कि वे शांतिपूर्ण व्यवहार करें, किसी भी गैरकानूनी या हिंसक गतिविधि में शामिल न हों और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों या कर्मियों द्वारा जारी किए गए कानूनी निर्देशों का पालन करें।'
उन्होंने आगे कहा- 'जनता को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी मंच के माध्यम से अफवाहों, गलत सूचनाओं या अपुष्ट सामग्री पर विश्वास न करें और न ही उनका प्रसार करें। नागरिकों से अनुरोध है कि वे केवल प्रामाणिक सूचना स्रोतों पर भरोसा करें और शांति, सद्भाव और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने में दिल्ली पुलिस को अपना सहयोग दें।'
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: दिल्ली हाईकोर्ट ने सफदरजंग अस्पताल को जारी किए निर्देश, सोनम वांगचुक की मेडिकल रिपोर्ट पेश करने को कहा, कल फिर होगी सुनवाई
दिल्ली पुलिस का दावा, कई पुलिसकर्मी घायल
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, सोमवार को हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि संसद पुलिस स्टेशन के आसपास के इलाकों में कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने इन घटनाओं के सिलसिले में कई लोगों को हिरासत में लिया है और कई मामले दर्ज किए जा सकते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: CJP नेताओं ने की जेपी नड्डा से मुलाकात, अपनी मांग पर अड़े...अमित शाह और प्रधान के बीच भी हुई अहम मीटिंग
विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा को लेकर दिल्ली पुलिस FIR दर्ज करेगी
सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पुलिस विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं, जिनमें पत्थरबाजी और पुलिसकर्मियों पर कथित हमले शामिल हैं, के सिलसिले में FIR दर्ज करने जा रही है। सूत्रों के अनुसार, यह मामला विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा और झड़पों को लेकर दर्ज किया जाएगा।
