देश

Chhattisgarh: सुकमा-बीजापुर सीमा पर सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में मारे गए 3 नक्सली

Chhattisgarh: सुकमा-बीजापुर सीमा पर सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में 3 नक्सली मारे गए हैं। बीजापुर जिले के पुलिस स्टेशन आवापल्ली के अंतर्गत मुरदंडा गांव से राज्य पुलिस और सीआरपीएफ 229 बटालियन द्वारा एक संयुक्त अभियान में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस का पता लगाया गया है।

Image

सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़

Photo : ANI

Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में बृहस्पतिवार को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए। राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने यह जानकारी दी।शर्मा ने कहा कि सुकमा में नक्सल रोधी अभियान में सुरक्षाबलों को सफलता मिली है।उन्होंने रायपुर में संवाददाताओं को बताया कि अब तक तीन नक्सलियों के शव बरामद हो चुके हैं और तलाश अभियान अब भी जारी है।शर्मा के पास गृह विभाग भी है।छह जनवरी को बीजापुर जिले में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट का जिक्र करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा, 'नक्सलियों ने जो किया उसके बाद सुरक्षाबलों में भारी गुस्सा है।'

नक्सलियों द्वारा किए गए इस आईईडी विस्फोट में आठ सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए थे और उनके वाहन के चालक की भी मौत हो गई थी।

शर्मा ने कहा, 'मैंने उनसे (सुरक्षाबलों से) मुलाकात की है। मैं दोहराता हूं कि हमारे जवानों की शक्ति और साहस से (नक्सल) खतरे को निर्धारित समय के भीतर खत्म कर दिया जाएगा।'

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को यह संकल्प दोहराया था कि मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद का खात्मा कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा था कि छत्तीसगढ़ में नक्सली हमले में जान गंवाने वाले लोगों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह सुकमा और बीजापुर जिलों की सीमा पर एक जंगल में उस समय मुठभेड़ शुरू हो गई जब सुरक्षाकर्मियों की एक संयुक्त टीम नक्सल रोधी अभियान पर थी।उन्होंने कहा कि जिला रिजर्व गार्ड, स्पेशल टास्क फोर्स और कोबरा (कमांडो बटालियन फॉर रिजोल्यूट एक्शन- सीआरपीएफ की एक विशिष्ट इकाई) के कर्मी अभियान में शामिल थे।

इसके साथ ही इस साल अब तक राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ों में नौ नक्सली मारे जा चुके हैं।नारायणपुर-दंतेवाड़ा-बीजापुर जिलों की सीमा पर अबूझमाड़ में सुरक्षाबलों के छह जनवरी को समाप्त हुए तीन दिवसीय नक्सल रोधी अभियान के दौरान दो महिलाओं सहित पांच नक्सली मारे गए।

अधिकारियों के अनुसार, तीन जनवरी को रायपुर संभाग अंतर्गत गरियाबंद जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया था।

पिछले साल राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षाबलों ने 219 नक्सलियों को मार गिराया था।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article