IED blast in Bijapur: छत्तीसगढ़ से बड़ी खबर सामने आई है। यहां के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने IED ब्लास्ट किया है, जिसमें पांच सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना तारेम पुलिस थाना क्षेत्र के तहत हुई जब सुरक्षाकर्मियों का एक दल इलाके में चिन्नेगेलुर सीआरपीएफ शिविर से विस्फोटकों को हटाने के काम पर निकला था।
अधिकारियों ने बताया कि आईईडी का पता लगाने और उन्हें नष्ट करने के अभियान के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने विस्फोटक से जुड़ा एक तार देखा। जब सुरक्षाबलों का दल तार से जुड़े बम की तलाश कर रहे थे तभी उसमें विस्फोट हो गया, जिसमें पांच सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद घायल जवानों को बीजापुर जिला अस्पताल ले जाया गया। उनकी हालत खतरे से बाहर है।
