देश

छत्तीसगढ़ में नक्सलियों का आतंक! नारायणपुर में IED ब्लास्ट; बीजापुर में सुरक्षाबलों ने मार गिराए 22 नक्सली, एक जवान की मौत

Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर नक्सलियों का तांडव देखने को मिला है। जहां एक ओर बीजापुर मे सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में 22 नक्सली ढेर हो गए और एक जवान की मौत हो गई। वहीं दूसरी तरफ नक्सलियों ने आज नारायणपुर के अबूझमाड़ में IED ब्लास्ट किया।

Image

छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों से मुठभेड़ में दो नक्सली ढेर, एक जवान की मौत। (फाइल फोटो)

Naxalites Encounter: छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में 18 नक्सली मारे गए, जबकि कांकेर-नारायणपुर सरहदी क्षेत्र में सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने 4 नक्सलियों को ढेर किया। इस तरह दो अलग-अलग मुठभेड़ों में कुल 22 नक्सली मारे गए हैं।

नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़

अधिकारियों ने बताया कि गंगालूर थाने से नक्सल विरोधी अभियान पर सुरक्षाबलों के संयुक्त दल को रवाना किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि सुबह सात बजे से नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच लगातार गोलीबारी जारी है। उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद के साथ 18 नक्सलियों के शव बरामद किए हैं।

इस घटना में बीजापुर जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के एक जवान ने भी जान गंवाई है। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में मुठभेड़ और तलाश अभियान जारी है।

नारायणपुर में नक्सलियों ने किया IED ब्लास्ट

नारायणपुर पुलिस ने एक बयान में ये बताया है कि नक्सलियों ने आज अबूझमाड़ में IED ब्लास्ट किया। ब्लास्ट की वजह से एक जवान और एक अधिकारी की आंखों में धूल और मिट्टी घुस गई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए ऑपरेशन एरिया से बाहर निकाला गया।

जानकारी के अनुसार IED ब्लास्ट में किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई है। ऑपरेशन एरिया में सर्चिंग जारी है। फिलहाल सुरक्षाबलों और पुलिस द्वारा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस कार्रवाई पर सुरक्षाबलों के अदम्य साहस और जज़्बे की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार नक्सल उन्मूलन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हमारे बहादुर जवान नक्सलवाद के खिलाफ ऐतिहासिक सफलता हासिल कर रहे हैं। यह विजय उनके परिश्रम, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है। हालांकि, इस अभियान में बीजापुर की मुठभेड़ के दौरान डीआरजी के एक जवान ने वीरगति प्राप्त की। मुख्यमंत्री साय ने उनकी शहादत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा, मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं उनके परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article