Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि राज्य के बेरोजगार युवकों को उनकी सरकार अगले वित्तीय वर्ष से मासिक बेरोजगारी भत्ता देगी। मुख्यमंत्री ने कहा है कि इसके लिए सरकार एक योजना बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि घोषणापत्र में किए गए वादों को उनकी सरकार धीरे-धीरे लागू कर रही है। बघेल की इस घोषणा को विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। राज्य में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके लिए भाजपा और कांग्रेस अभी से अपनी तैयारियों में जुट गई हैं। छत्तीसगढ़ में मुख्य मुकाबला इन दोनों ही पार्टियों के बीच है।
कांग्रेस ने बेरोजगारी भत्ता का वादा किया था
2018 के चुनाव प्रचार में कांग्रेस ने राज्य के बेरोजगार युवकों को बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था। पार्टी ने अपने घोषणापत्र में कहा था कि सत्ता में आने पर उसकी सरकार बेरोजगार युवकों को हर महीने 2500 रुपए का बेरोजगारी भत्ता देगी। सीएम बघेल ने यह घोषणा ऐसे समय की है जब इस साल के अंत में यहां विधानसभा चुनाव होने हैं।
सरकार तैयार कर रही योजना
रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि बेरोजगार युवकों को बेरोजगारी भत्ता देने वाली योजना का खाका खींच रही है। इसमें इस बात का विचार किया जा रहा है कि योजना का बजट कितना हो और भत्ता पाने की योग्यता तय कर रही है। बताया जा रहा है कि राज्य के बजट में बेरोजगारी भत्ता के बारे में घोषणा हो सकती है।
राजस्थान के मॉडल का अध्ययन
यही नहीं छत्तीसगढ़ सरकार के अधिकारी राजस्थान सरकार के बेरोजगारी भत्ता मॉडल का भी अध्ययन कर रहे हैं। बता दें कि राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार साल 2019 से 'मुख्यमंत्री युवा संबल योजना' के तहत बेरोजगारी भत्ता दे रही है।
सीएम ने की 10 बड़ी घोषणाएं
दरअसल मुख्यमंत्री बघेल ने गणतंत्र दिवस के दिन जगदलपुर के लालबाग मैदान में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री ने एक दर्जन बड़ी घोषणाएं कीं। इसमें सबसे बड़ी घोषणा बेरोजगारी भत्ता है और अनुसूचित क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों को सम्मान निधि देने की घोषणा की गई है। इसके अलावा उन्होंने 10 और बड़ी घोषणाएं कीं।
