Chandrayaan-3 Mission- चंद्रयान-3 की लैंडिंग अब नजदीक है और 23 अगस्त की शाम को इसरो इसे अंजाम देगा। चंद्रयान 3 के चंद्रमा के नजदीक पहुंचने के साथ ही इसरो लगातार इसे लेकर अपडेट दे रहा है। सबसे पहले इसरो ने विक्रम लैंडर से ली गई तस्वीरें दिखाई थीं, अब उसने लैंडर के कैमरे से लिया गया वीडियो शेयर किया है। आप भी देखिए ये वीडियो।
लैंडर के कैमरे की तस्वीरें
चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर में लगे कैमरे से इसरो को तस्वीरें भेजी जा रही हैं। यही कैमरे बताएंगे कि लैंडिंग के लिए कौन सी जगह सबसे बेहतर है। बहरहाल, अब देशवासियों को 23 अगस्त का इंतजार है जब इसरो नया इतिहास रचने के करीब होगा। अगर सब कुछ ठीक रहा तो योजना के मुताबिक अंतरिक्ष यान 23 अगस्त को चंद्रमा की सतह पर उतरेगा। इसरो का अब तक का अभियान अब तक सफल रहा है और उम्मीद है कि करोड़ों देशवासियों की दुआओं के साथ उसकी मेहनत इस बार जरूर रंग लाएगी।
बता दें कि चंद्रयान का दूसरा और फाइनल डीबूस्टिंग ऑपरेशन रविवार रात 1 बजकर 50 मिनट पर पूरा हुआ था। इसके बाद लैंडर की चंद्रमा से न्यूनतम दूरी 25 किमी और अधिकतम दूरी 134 किलोमीटर रह गई है। डीबूस्टिंग में स्पेसक्राफ्ट की स्पीड को धीमा किया जाता है। अब इसी दूरी से चंद्रयान 3 को चांद की सतह पर लैंड कराने की कोशिश की जाएगी। इस लैंडिंग के चार फेज होंगे और इसी से तय होगा कि विक्रम लैंडर सफलता से उतरता है या नहीं।
