Former PM Manmohan Singh Passed Away: केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का स्मारक बनाने का फैसला किया है। बता दें कि मनमोहन सिंह का गुरुवार की रात को निधन हो गया था और शनिवार को राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
'स्मारक ढूंढने में लगेगा समय'
केंद्र सरकार ने कांग्रेस पर इस मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि सरकार ने स्मारक पर लिए गए फैसले से कांग्रेस को अवगत करा दिया है, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि स्मारक निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान ढूंढने में कुछ दिन का समय लगेगा।
सरकार के एक सूत्र ने कहा कि मनमोहन सिंह के सम्मान में स्मारक बनाने के सरकार के फैसले से कांग्रेस को अवगत करा दिया गया है, लेकिन वे इस मुद्दे पर राजनीति करने में जुट गए हैं।
'जहां अंत्येष्टि वहीं स्मारक'
कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार और स्मारक के लिए स्थान नहीं ढूंढना देश के पहले सिख प्रधानमंत्री का जानबूझकर किया गया अपमान है। कांग्रेस ने यह मुद्दा तब उठाया जब केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ नई दिल्ली के निगम बोध घाट पर दोपहर 11 बजकर 45 मिनट पर किया जाएगा।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर अनुरोध किया कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार ऐसे स्थान पर किया जाए जहां उनका स्मारक बन सके।
(इनपुट: भाषा)
