मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता आज दिल्ली के संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर विरोध-प्रदर्शन करने पहुंचे। हालांकि, पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। दरअसल, यूथ कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार किया और धक्का-मुक्की की थी। इसके विरोध में आज यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता अपने मुख्यालय से पैदल मार्च निकालकर संसद मार्ग थाने तक पहुंचे थे।
संसद मार्ग थाने के बाहर प्रदर्शन कर रहे NSUI-यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता हिरासत में। ANI
गौरतलब है कि पहले यूथ कांग्रेस ने ऐलान किया था कि वो अपने मुख्यालय से निकलकर जंतर मंतर तक जाएंगे, लेकिन BNS की धारा 163 लागू होने की वजह से यूथ कांग्रेस को जंतर-मंतर तक मार्च निकालने की इजाजत नहीं दी गई।
इससे पहले राहुल गांधी के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली पुलिस पर बेहद संगीन आरोप लगाए हैं। कार्यकर्ताओं का दावा है कि पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेने के बाद उनके साथ मारपीट की और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।
महिला कार्यकर्ता ने क्या लगाए आरोप?
एनएसयूआई की एक महिला कार्यकर्ता ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि हिरासत के दौरान उनके साथ बहुत बदसलूकी की गई। उनके मुताबिक, एक महिला कॉन्स्टेबल ने उनके ऊपर चढ़कर उन्हें मारा और थप्पड़ जड़े। प्रदर्शनकारियों का यह भी आरोप है कि पुलिस वालों ने एक छात्र के सिर पर डंडा मारा, चेहरे को नोंचा और अपशब्द कहे। पीड़ित कार्यकर्ताओं का दावा है कि पुलिस वाले उनसे जबरन यह बुलवाने की कोशिश कर रहे थे कि 'बोलो, दिल्ली पुलिस तुम्हारे पापा हैं।'
यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ मीडिया से बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यह युवाओं और देश की असली आवाज है, जिसे दबाने की नाकाम कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा, "यह हिंदुस्तान है, यहां सब एक हैं। जब यह विरोध प्रदर्शन खत्म होगा और हमारी सरकार आएगी या कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी, तो हम इन अत्याचारों के लिए जिम्मेदार हर शख्स को सजा दिलवाएंगे।"
यूथ कांग्रेस ने लगाए ‘शिव की बारात’ वाले होर्डिंग
भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) ने मध्य दिल्ली के प्रमुख स्थानों पर ‘शिव की बारात’ के होर्डिंग लगाए हैं। ये होर्डिंग्स AICC कार्यालय, 24 अकबर रोड, इंदिरा भवन और भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय के बाहर लगाए गए हैं।
