CDS And Army Called On President Droupadi Murmu: प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (CDS) जनरल अनिल चौहान और तीनों सेना प्रमुखों ने आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और उन्हें ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) संबंधी जानकारी दी। भारत ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में ऑपरेशन सिंदूर के तहत छह और सात मई की दरमियानी रात पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर सटीक हमले किए थे जिसमें 100 से अधिक आतंकी मारे गए। वहीं, पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोग मारे गए थे।
ऑपरेशन सिंदूर संबंधी जानकारी दी
राष्ट्रपति भवन ने एक्स पर लिखा, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान, थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए. पी. सिंह एवं नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और उन्हें ऑपरेशन सिंदूर संबंधी जानकारी दी। राष्ट्रपति ने सशस्त्र बलों की उस वीरता और समर्पण की सराहना की जिसके कारण आतंकवाद के विरुद्ध प्रतिक्रिया के दौरान भारत को शानदार सफलता मिली।
पहलगाम हमले में 26 लोगों की हत्या
22 अप्रैल को पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 26 लोगों की हत्या कर दी थी। भारतीय सेना ने आतंकियों के इस बर्बर कृत्य का जोरदार जवाब दिया और ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान के कई आतंकी ठिकाने नष्ट कर दिए गए। पाकिस्तान की सेना को भी भारतीय सेना ने क्षति पहुंचाई थी। इसके बाद पाकिस्तान की तरफ से सीजफायर का अनुरोध किया गया और फिलहाल दोनों के बीच संघर्ष विराम हो गया है। भारतीय जनता पार्टी सैनिकों के सम्मान में तिरंगा यात्रा निकाल रही है।
भारत की जवाबी कार्रवाई में 100 आतंकी ढेर
पहलगाम आतंकी हमले के बाद 7-8 मई की रात को भारत की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकी ठिकाने नष्ट कर दिए गए थे। इस हमले में 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए और पाकिस्तान के आठ सैन्य बेस को भी भारी नुकसान पहुंचा। भारत के तेवर देख पाकिस्तान ने सीजफायर की गुहार लगाई थी जिसके बाद संघर्ष बंद हुआ और सीमा पर शांति बहाल हुई।
