देश

कोलकाता कांड: CBI की बड़ी कार्रवाई, आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष को किया गिरफ्तार

Kolkata Doctor Rape and Murder case: सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष को मेडिकल कॉलेज में 'वित्तीय कदाचार' के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उन्हें सीबीआई की विशेष अपराध शाखा से सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा में ले जाया गया है।

Image

सीबीआई ने संदीप घोष को किया गिरफ्तार।

Photo : BCCL

Kolkata Doctor Rape and Murder case: कोलकाता में जूनियर डॉक्टर के साथ रेप और मर्डर केस में अब सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की है। जानकारी के मुताबिक, सीबीआई ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष को गिरफ्तार किया है। उन्हें सीबीआई की विशेष अपराध शाखा से सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा में ले जाया गया है। सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में 'वित्तीय कदाचार' के आरोप में उन्हें गिरफ्तार किया गया है।

बता दें, डॉक्टरों ने नौ अगस्त को एक स्नातकोत्तर प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ कथित दुष्कर्म और उसकी हत्या की घटना की जांच के दौरान पुलिस द्वारा अपर्याप्त कदम उठाए जाने का भी आरोप लगाया था। इसके बाद कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश पर इस मामले की जांच 13 अगस्त को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दी गयी थी।

जूनियर डॉक्टरों का प्रदर्शन जारी

बता दें, महिला जूनियर डॉक्टर की मौत के बाद कोलकाता में प्रदर्शन लगातार जारी है। सोमवार को कोलकाता के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के जूनियर डॉक्टरों ने पुलिस आयुक्त विनीत गोयल के इस्तीफे की मांग को लेकर सोमवार को पुलिस मुख्यालय लालबाजार तक एक रैली निकाली। जूनियर डॉक्टरों ने 14 अगस्त को आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हुई तोड़फोड़ को रोकने में पुलिस पर निष्क्रियता के आरोप लगाए हैं। हालांकि, आंदोलनकारी डॉक्टरों को लालबाजार की ओर जाने वाले बी.बी. गांगुली मार्ग पर लगाये गये अवरोधकों से पहले ही रोक दिया गया। इन डॉक्टरों ने कहा कि उनकी यह रैली शांतिपूर्ण थी और उनके प्रतिनिधि पुलिस आयुक्त से मिलना चाहते थे। उन्होंने मांग की कि रैली को पुलिस मुख्यालय की ओर आगे बढ़ने दिया जाए। उन्होंने कहा कि उन्हें लालबाजार से काफी पहले ही रोक दिया गया। रोके जाने के बाद आंदोलनकारी डॉक्टर वहीं सड़क पर बैठ गये एवं नारे लगाने लगे। प्रदर्शनकारियों ने रीढ़ की हड्डी की प्रतिकृति और लाल गुलाब ले रखे थे। उनका कहना था कि ये पुलिस के नागरिकों की सुरक्षा के कर्तव्य पर जोर देने के लिए हैं। उनके हाथों में राष्ट्रध्वज एवं नारे लिखे तख्तियां भी थीं। इन तख्तियों पर डॉक्टरों समेत सभी के लिए इंसाफ एवं सुरक्षा की मांग की गयी थी। कुछ तख्तियों पर गोयल की तस्वीर थी जिसके नीचे उनके इस्तीफे की मांग संबंधी नारे लिखे गये थे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस आयुक्त का पुतला भी फूंका।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article