युवा कांग्रेस (IYC) के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी अंगकिता मामले में मुश्किलों में घिर गए हैं। अंगकिता की शिकायत के बाद असम पुलिस ने श्रीनिवास के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एक टीम कर्नाटक भी रवाना हो गई है। पुलिस श्रीनिवास को गिरफ्तार करेगी या पूछताछ इसका पता अभी नहीं चला है।
अंगकिता दत्ता ने IYC प्रेसीडेंट श्रीनिवास बीवी पर प्रताड़ित करने का लगाया है आरोप
कहां दर्ज हुआ है मामला
भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी के खिलाफ असम की निलंबित युवा कांग्रेस इकाई की प्रमुख अंगकिता दत्ता ने उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी। श्रीनिवास बी.वी पर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के साथ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 509, 294, 341, 352, 354, 354ए और 506 के तहत दिसपुर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।
क्या है आरोप
अंगकिता दत्ता ने भारतीय युवा कांग्रेस के प्रमुख श्रीनिवास बी वी पर उनका मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था। इससे पहले उन्होंने भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष केशव कुमार के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे।
कांग्रेस ने किया निष्कासित
कांग्रेस ने अंगकिता दत्ता को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। इससे पहले असम कांग्रेस ने दत्ता को उनकी कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इस नोटिस में उन्हें यह बताने के लिए कहा गया था कि उनकी कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जाए।
भाजपा साथ
वहीं इस मामले पर भाजपा नेता, अंगकिता के साथ दिख रहे हैं। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा की आईटी शाखा के प्रमुख अमित मालवीय ने ट्वीट कर कहा- "यह कांग्रेस का महिला सशक्तिकरण का मॉडल है। उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला की शिकायत सुनने के बजाए उसे निष्कासित करना। जिस तरीके से अंकिता दत्ता को कांग्रेस ने निकाला गया है वह महिलाओं के लिए प्रेरणादायक नहीं है।"
