देश

छत्तीसगढ़ में राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज, अमेरिका में सिखों को लेकर की थी टिप्पणी

Rahul Gandhi comments on Sikhs:भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अमरजीत सिंह छाबड़ा ने रायपुर के सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराई गई अपनी शिकायत में कहा है कि गांधी ने टिप्पणी की है कि क्या भारत में सिखों को पगड़ी, कड़ा पहनने और गुरुद्वारा जाने की अनुमति होगी? उन्होंने कहा, इस टिप्पणी से सिख समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

Image

छत्तीसगढ़ में राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज।

Photo : Twitter

Rahul Gandhi comments on Sikhs: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ छत्तीसगढ़ में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन पर सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरेाप है। उन्होंने बताया कि हाल ही में अमेरिका यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने सिख समुदाय को लेकर टिप्पणी की थी, जिसको लेकर छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गांधी के खिलाफ दुर्ग जिले के कोतवाली थाने में शुक्रवार को मामला दर्ज किया गया। वहीं बिलासपुर के सिविल लाइंस थाने और रायपुर के सिविल लाइंस थाने में गुरुवार शाम को मामले दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की शिकायतों के आधार पर दोनों मामले दर्ज किए गए हैं। पार्टी के नेताओं द्वारा राज्य के अन्य जिलों के पुलिस थानों में भी इसी तरह की शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गांधी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 और 302 (जानबूझकर किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना) के तहत मामले दर्ज किए गए है।

भाजपा नेता की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अमरजीत सिंह छाबड़ा ने रायपुर के सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराई गई अपनी शिकायत में कहा है कि गांधी ने टिप्पणी की है कि क्या भारत में सिखों को पगड़ी, कड़ा पहनने और गुरुद्वारा जाने की अनुमति होगी? छाबड़ा ने शिकायत में कहा कि गांधी के बयान से भारत में सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा है कि पूरी दुनिया में और यहां तक कि भारत में भी सिख समुदाय को पगड़ी, कड़ा पहनने और गुरुद्वारा जाने पर रोक नहीं है। भारत के प्रधानमंत्री भी पगड़ी पहनकर गुरुद्वारे जाते हैं।

राहुल गांधी की टिप्पणी से सिख समुदाय को पहुंची ठेस

छाबड़ा ने दावा किया कि गांधी के बयान का उद्देश्य शांतिप्रिय सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाना है। इससे समाज के अन्य धर्मों के साथ भेदभाव और दुश्मनी पैदा हो सकती है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्ग कोतवाली थाने में भाजपा की दुर्ग जिला इकाई के अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने मामला दर्ज कराया है। भाजपा नेताओं ने इसी मुद्दे पर बिलासपुर, सरगुजा और अन्य जिलों के पुलिस थानों में भी मामला दर्ज कराया है।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article