Anita Anand : कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद रविवार को राष्ट्रीय राजधानी पहुंचीं। वह सोमवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ वार्ता करेंगी। इस दौरान व्यापार, ऊर्जा और सुरक्षा के क्षेत्रों में द्विपक्षीय रणनीतिक सहयोग की रूपरेखा तैयार करने पर चर्चा होने की उम्मीद है। मई में विदेश मंत्री का पदभार संभालने के बाद यह आनंद की पहली भारत यात्रा है। अनीता आनंद द्विपक्षीय व्यापार संबंधों को बढ़ावा देने के तौर-तरीकों पर चर्चा करने के लिए वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल से भी मुलाकात करेंगी।
भारत दौरे पर कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद। तस्वीर-MEA
सकारात्मक होंगे भारत-कनाडा संबंध
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि आनंद की इस यात्रा से आर्थिक सहयोग तथा संबंधों को और मजबूत करके भारत-कनाडा संबंधों में सकारात्मक गति बनाने में मदद मिलेगी। आनंद की तीन देशों की यात्रा में भारत उनका पहला पड़ाव होगा। इस यात्रा के दौरान वह सिंगापुर और चीन भी जाएंगी।
जयशंकर और गोयल से मुलाकात करेंगी
शनिवार को कनाडा की एक विज्ञप्ति में कहा गया कि भारत की यात्रा के दौरान मंत्री आनंद जयशंकर और गोयल से मुलाकात करेंगी, क्योंकि ‘दोनों देश व्यापार विविधीकरण, ऊर्जा परिवर्तन और सुरक्षा जैसे मुद्दों पर रणनीतिक सहयोग के लिए एक रूपरेखा स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।’ इसमें कहा गया है, ‘मंत्री आनंद मुंबई भी जाएंगी, जहां वह कनाडा और भारत में निवेश, रोजगार सृजन और आर्थिक अवसरों को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही कनाडाई और भारतीय कंपनियों से मुलाकात करेंगी।’
अनीता के दौरे पर कनाडा का बयान
इस यात्रा की घोषणा करते हुए, कनाडा सरकार ने कहा कि यह यात्रा प्रमुख हिंद-प्रशांत भागीदारों के साथ 'द्विपक्षीय संबंधों और सहयोग को आगे बढ़ाने' के प्रयासों का हिस्सा है। आनंद ने एक बयान में कहा कि कनाडा को घरेलू स्तर पर मजबूत बनाने के लिए, हमें विदेश में भी मजबूत और स्थिर साझेदारियों की जरूरत है।
