LIVE
By Election Result 2023: त्रिपुरा में बीजेपी, केरल में यूडीएफ, झारखंड में जेएमएम, बंगाल में टीएमसी की जीत...घोसी में भाजपा चित
By Election Result 2023, Ghosi, Bageshwar, Dumar, Puthupally, Boxanagar, Dhanpur Election Chunav Result 2023 LIVE Updates: आज छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव नतीजे आ रहे हैं। सभी सीटों के लिए मतगणना शुरू हो चुकी है। इन उपचुनाव नतीजों से 2024 चुनाव के लिए एनडीए और विपक्षी गठबंधन इंडिया के बीच सियासी संग्राम का मैदान तैयार होगा। सबकी निगाहें खास तौर पर यूपी की घोसी और उत्तराखंड की बागेश्वर सीट पर है। आपको बता रहे हैं इन सीटों पर मतगणना का हर अपडेट। बने रहिए हमारे साथ।
SEPT 08, 2023 18:35 IST
घोसी में भाजपा को झटका, सपा उम्मीदवार जीता
उत्तर प्रदेश (यूपी) में घोसी विधानसभा उप-चुनाव में समाजवादी पार्टी ने जीत हासिल की है। सपा के सुधाकर सिंह इस उपचुनाव में अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार दारा सिंह चौहान पर भारी पड़े। घोसी उपचुनाव में 42672 वोटों से समाजवादी पार्टी के सुधाकर सिंह ने दारा सिंह को हराया।
SEPT 08, 2023 17:41 IST
केरल में यूडीएफ के चांडी ओमन जीते, माकपा को बड़ा झटका
केरल में कांग्रेस उम्मीदवार चांडी ओमन ने सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) को करारा झटका देते हुए पुत्थुप्पली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में हुए उपचुनाव में शुक्रवार को जीत हासिल कर कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के लिए सीट बरकरार रखी। चांडी ओमन के पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी 50 साल से भी अधिक समय तक इस सीट से विधायक रहे थे। चांडी ओमन ने उपचुनाव में अपने मुख्य प्रतिद्वंद्वी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के जैक सी थॉमस को भारी अंतर से हराया। चांडी ओमन (37) ने उपचुनाव में थॉमस को 37,719 मतों के अंतर से शिकस्त दी। पुतुप्पली उपचुनाव के लिए कांग्रेस, माकपा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेताओं ने अपनी-अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया था। उपचुनाव में चांडी ओमन को जहां 80,144 वोट मिले, वहीं थॉमस को केवल 42,425 वोट ही मिल सके।
SEPT 08, 2023 16:49 IST
धूपगुड़ी विधानसभा सीट पर तृणमूल कांग्रेस की जीत
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले की धूपगुड़ी विधानसभा सीट पर शुक्रवार को सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने जीत दर्ज की। पेशे से प्रोफेसर तृणमूल कांग्रेस के निर्मल चंद्र रॉय ने 4,313 से अधिक मतों के अंतर से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी की तापसी रॉय को हराया। उन्हें 96,961 वोट मिले जबकि प्रतिद्वद्वी तापसी रॉय को 92,648 वोट मिले। तापसी रॉय जम्मू-कश्मीर में 2021 में आतंकवादी हमले में शहीद हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान की पत्नी हैं। तीसरे स्थान पर कांग्रेस समर्थित मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के उम्मीदवार ईश्वर चंद्र रॉय रहे। उन्हें 13,666 वोट मिले।
SEPT 08, 2023 15:47 IST
डुमरी विधानसभा सीट पर उपचुनाव में झामुमो उम्मीदवार की जीत
झारखंड के डुमरी विधानसभा सीट पर उपचुनाव में झामुमो की बेबी देवी ने राजग की उम्मीदवार यशोदा देवी को 17,000 से ज्यादा वोटों से हराया ।
SEPT 08, 2023 15:46 IST
घोसी में सुधाकर सिंह आगे
21वें राउंड: 24802 वोट से सुधाकर सिंह (सपा) आगे
SEPT 08, 2023 14:32 IST
बागेश्वर सीट पर बीजेपी का कब्जा
बागेश्वर उपचुनाव बीजेपी की पार्वती दास ने जीता चुनाव! कांग्रेस के बसंत कुमार को करीबी मुकाबले में हराया।
SEPT 08, 2023 13:56 IST
केरल के पुथुपल्ली उपचुनाव में यूडीएफ के चांडी ओमन जीते
केरल में पुथुपल्ली निर्वाचन क्षेत्र में हुए उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार चांडी ओमन ने 36,000 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। निर्वाचन आयोग से जुड़े सूत्रों ने यह जानकारी दी। कांग्रेस ने ओमन की जीत पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि चुनाव का परिणाम एलडीएफ के कुशासन के खिलाफ जीत है और कांग्रेस के लिए 100 प्रतिशत राजनीतिक जीत है। कांग्रेस के दिवंगत नेता ओमन चांडी के बेटे चांडी ओमन शुरुआती चरणों की गिनती से ही अपने प्रतिद्वंद्वियों से आगे चल रहे थे। उनके निकटतम राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी - सत्तारूढ़ लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) के जैक सी थॉमस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिजिन लाल किसी भी चरण की गिनती में उनसे आगे नहीं निकल सके।
SEPT 08, 2023 13:54 IST
10वें दौर की गणना में सपा प्रत्याशी भाजपा से काफी आगे
घोसी विधानसभा उपचुनाव में शुक्रवार को 10वें दौर की गिनती के बाद समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार सुधाकर सिंह ने अपने प्रतिद्वंद्वी और भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार दारा सिंह चौहान पर 12,139 वोटों के अंतर से अपनी बढ़त मजबूत कर ली है। भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के अनुसार, सिंह को अब तक 38,635 वोट मिले हैं, वहीं चौहान को 26,496 वोट मिले हैं।मतगणना के दौरान कुल 34 दौर की गिनती होनी है।
SEPT 08, 2023 13:23 IST
धूपगुड़ी चुनाव में कांटे की टक्कर
धूपगुड़ी चुनाव में कांटे की टक्कर चल रही है। टीएमसी उत्तरी बंगाल में अपनी छाप छोड़ने के लिए संघर्ष कर रही है। चौथे राउंड की गिनती पूरी होने के बाद टीएमसी 360 वोटों से आगे चल रही है। हालांकि पहले के रुझानों में बीजेपी उम्मीदवार आगे चल रहे थे।
SEPT 08, 2023 12:28 IST
गिरिडीह - डुमरी उपचुनाव: आठवें राउंड का रुझान
-इंडिया गठबंधन से झामुमो प्रत्याशी बेबी देवी को कुल प्राप्त मत - 26794-NDA गठबंधन से आजसू प्रत्याशी यशोदा देवी को कुल प्राप्त मत - 29633-आठवें राउंड में NDA आजसू प्रत्याशी यशोदा देवी 2839 मतों से आगे
SEPT 08, 2023 12:10 IST
पुथुपल्ली उपचुनाव: शुरुआती रुझानों में यूडीएफ के चांडी ओमन आगे
केरल में पुथुपल्ली निर्वाचन क्षेत्र में हुए उपचुनाव में वोटों की गिनती शुक्रवार सुबह शुरू हुई और शुरुआती रुझानों में विपक्षी गठबंधन यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) के उम्मीदवार चांडी ओमन ने बढ़त हासिल कर ली है। चांडी ओमन कांग्रेस के दिवंगत नेता ओमन चांडी के बेटे हैं और शुरुआती रुझानों में वह अपने प्रतिद्वंद्वियों से काफी आगे बताए जा रहे हैं। चार चरण की गिनती में ओमन को अपने निकटतम राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों - सत्तारूढ़ लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) के जैक सी थॉमस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिजिन लाल से अधिक वोट मिले। निर्वाचन आयोग के सूत्रों के मुताबिक शुरुआती चार चरणों में कुल 37,464 वोटों की गिनती की गई जिनमें से कांग्रेस-यूडीएफ उम्मीदवार को 22,976 वोट मिले।
SEPT 08, 2023 12:08 IST
गिरिडीह - डुमरी उपचुनाव: सातवें राउंड का रुझान
इंडिया गठबंधन से झामुमो प्रत्याशी बेबी देवी को कुल प्राप्त मत - 24006NDA गठबंधन से आजसू प्रत्याशी यशोदा देवी को कुल प्राप्त मत - 25557सातवें राउंड में NDA से आजसू प्रत्याशी यशोदा देवी को मिले 1551 वोट
SEPT 08, 2023 11:57 IST
भाजपा ने त्रिपुरा में धनपुर, बॉक्सानगर सीटें जीतीं
भाजपा ने त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में धनपुर और बॉक्सानगर विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में शुक्रवार को जीत दर्ज की। निर्वाचन आयोग के अनुसार, भाजपा के तफ्फजल हुसैन ने बॉक्सानगर सीट पर 30,237 मतों से जीत दर्ज की। इस सीट पर करीब 66 फीसदी मतदाता अल्पसंख्यक हैं। हुसैन को 34,146 वोट मिले जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी मिजान हुसैन को 3,909 वोट मिले। भाजपा प्रत्याशी बिंदू देबनाथ ने धनपुर सीट पर 18,871 मतों से जीत दर्ज की। इस सीट पर मतदाताओं का एक बड़ा तबका आदिवासी समुदाय का है। देबनाथ को 30,017 वोट मिले तथा माकपा के उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी कौशिक चंदा को 11,146 वोट मिले।
SEPT 08, 2023 11:50 IST
झारखंड उपचुनाव: डुमरी सीट पर झामुमो उम्मीदवार बेबी देवी आगे
झारखंड के गिरिडीह जिले की डुमरी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की उम्मीदवार बेबी देवी अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) की यशोदा देवी से 1,341 मतों से आगे हैं। मतगणना के दो चरणों के बाद झामुमो उम्मीदवार को 7,314 मत प्राप्त हुए हैं जबकि आजसू की उम्मीदवार को 5,973 वोट मिले हैं। झामुमो, विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) का हिस्सा है वहीं आजसू, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल है।
SEPT 08, 2023 11:44 IST
त्रिपुरा में जीती बीजेपी
त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में धनपुर, बॉक्सानगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज की : निर्वाचन आयोग।
SEPT 08, 2023 11:25 IST
घोसी में सपा आगे
मऊ घोसी उपचुनाव के रुझान पांचवा चरण। 7019 वोट से सपा आगे।बीजेपी के दारा सिंह - 11927सपा के सुधाकर सिंह - 18946
SEPT 08, 2023 10:54 IST
घोसी विधानसभा सीट पर पहले दौर की गणना में सपा प्रत्याशी भाजपा से आगे
उत्तर प्रदेश के घोसी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए शुक्रवार को जारी मतगणना में समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार सुधाकर सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दारा सिंह चौहान पर 178 वोटों की मामूली बढ़त बना ली है। भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के अनुसार, पहले दौर की गिनती में सुधाकर सिंह को 3,381 वोट मिले, जबकि दारा सिंह चौहान को 3,203 वोट मिले। मतगणना के दौरान कुल 34 दौर की गिनती होनी है।
SEPT 08, 2023 10:41 IST
पश्चिम बंगाल की धूपगुड़ी सीट
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले की धूपगुड़ी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुक्रवार सुबह आठ बजे प्रारंभ हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस सीट पर उपचुनाव पांच सितंबर को हुआ था और उसमें 78 प्रतिशत वोट पड़े थे। मतगणना नार्थ बंगाल विश्वविद्यालय के जलपाईगुड़ी द्वितीय परिसर में हो रही है।एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई। मतगणना स्थल के आसपास त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। भारतीय जनता पार्टी के विधायक बिष्णु पद रे के निधन से धूपगुड़ी सीट रिक्त हुई थी।
SEPT 08, 2023 10:41 IST
केरल की पुथुपल्ली सीट पर वोटों की गिनती
केरल में पुथुपल्ली निर्वाचन क्षेत्र में हुए उपचुनाव में वोटों की गिनती शुक्रवार सुबह शुरू हुई, जिसमें सत्तारूढ़ लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) और विपक्षी यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) के बीच कड़ा मुकाबला देखा गया था। चुनाव को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि कांग्रेस का लक्ष्य अपने पारंपरिक गढ़ को बरकरार रखना है, जबकि सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) इसे हासिल करके नयी पैठ बनाना चाहती है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ओमन चांडी के निधन से खाली हुई सीट के लिए पांच सितंबर को मतदान हुआ था।
SEPT 08, 2023 10:41 IST
त्रिपुरा उपचुनाव : मतगणना शुरू
त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए मतगणना शुक्रवार सुबह आठ बजे शुरू हो गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले की धनपुर और बॉक्सानगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए पांच सितंबर को मतदान हुआ था। दोनों सीटों पर औसतन 86.50 फीसदी मतदान हुआ था। मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच सोनमुरा गर्ल्स स्कूल में हो रही है। विपक्षी दल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने मतदान के दौरान बड़े पैमाने पर धांधली और निर्वाचन आयोग द्वारा कोई कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए मतगणना का बहिष्कार किया है। दोनों सीटों पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और माकपा के बीच ही मुकाबला है क्योंकि दो अन्य विपक्षी दलों टिपरा मोथा और कांग्रेस ने कोई प्रत्याशी नहीं उतारा है।
