Burari Building Collapsed: दिल्ली के बुराड़ी इलाके में पब्लिक स्कूल की बिल्डिंग अचानक ढह गई थी। हादसे की जानकारी मिलते ही फायर और एंबुलेंस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरू किया गया। मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बुराड़ी के कौशिक एन्क्लेव में स्थित ऑस्कर पब्लिक स्कूल के पास स्थित चार मंजिला इमारत की बताई जा रही है। ताजा जानकारी के अनुसार, हादसे में अभी तक 5 लोगों के मौत की खबर है।
बुराड़ी में 4 मंजिला इमारत गिरने से एक बच्ची की मौत
बुराड़ी हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 5
बुराड़ी हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हुई। मरने वालों में दो महिलाओं के अलावा 3 पुरुष भी हैं, जिनमें 2 के नाम मोहम्मद सरफराज और मोहम्मद कादिर है।
जानकारी के अनुसार, इस हादसे में एक 7 साल की बच्ची जिसका नाम राधिका था, जिसकी भी मौत हो गई है। बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई थी उसे सरकारी अस्पताल लाया गया था। जहां पुलिस ने मृतक का पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं इस हादसे में 17 वर्ष की साधना नाम की एक और लड़की की भी मौत हो गई है। वहीं 3 बच्चों समेत 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
घायलों के नाम
1. संजय ( 28 साल)2. कृष्णा ( 30 साल)
3. ज्ञानु (27 साल)
4. रजनी (26 साल)
5. सिमरन (10 साल)
6. खुशी (8 साल)
7. लल्लू (40 साल)
8 सविता (32 साल)
9 सोनिया (16 साल)
10 प्रियंका (14 साल)
11 आकांक्षा (6 साल)
12 अजय (5 साल)
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी के सांसद मनोज तिवारी ने सोमवार को बुराड़ी में एक इमारत ढहने के बाद चल रहे खोज और बचाव अभियान का निरीक्षण किया और दावा किया कि इमारत के ढहने के लिए किसी और की तरफ से लापरवाही हो सकती है। भाजपा सांसद ने कहा है कि पुलिस रिपोर्ट के अनुसार ढही हुई इमारत के नीचे लगभग 20 लोग फंसे हो सकते हैं, जिनमें से अब तक बारह लोगों को बचाया जा चुका है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि बचाए जाने के बाद एक लड़की की हालत बहुत गंभीर थी। तिवारी ने संवाददाताओं से कहा कि यह एक 4 मंजिला इमारत थी और इसका निर्माण पूरा हो चुका था। फिनिशिंग के लिए पीओपी का काम चल रहा था... पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, 20-22 लोग फंसे हुए थे... 12 लोगों को बचाया गया है । एनडीआरएफ मौके पर है।
सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि इसमें बहुत बड़ी लापरवाही है। एक नवनिर्मित चार मंजिला इमारत ढह गई है... जो भी जिम्मेदार होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। बता दें, बुराड़ी के कौशिक एन्क्लेव में सोमवार को शाम करीब 6:30 बजे चार मंजिला इमारत ढह गई। पुलिस ने बताया कि उन्हें घटना के बारे में शाम 6:58 बजे फोन आया। तिवारी ने कहा कि एक बच्ची की हालत बहुत गंभीर है... बाकी लोगों को अस्पताल भेज दिया गया है और वे खतरे से बाहर हैं। इमारत की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह की इमारत ढहने से कई सवाल उठते हैं, लेकिन प्राथमिकता सभी लोगों को बचाना है। इससे पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने लोगों को आश्वासन दिया कि प्रभावित लोगों को हर संभव मदद दी जाएगी और स्थानीय प्रशासन को फंसे हुए लोगों के लिए तेजी से राहत और बचाव अभियान सुनिश्चित करने का आदेश दिया। सीएम ने आश्वासन देते हुए एक्स पर पोस्ट किया कि बुराड़ी में इमारत गिरने की यह घटना बेहद दुखद है। मैंने स्थानीय प्रशासन से त्वरित राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए बात की है। प्रभावित लोगों को हर संभव मदद मुहैया कराई जाएगी।
