देश

Smriti Irani on Rahul: स्मृति ईरानी बोलीं- आज एक सज्जन अमेठी ने जिन्हें 'मैजिक' दिखाया, वो पीएम पर कटाक्ष कर रहे हैं-Video

  • Authored by: रवि वैश्य
  • Updated Feb 7, 2023, 10:12 PM IST

Smriti Irani On Rahul Gandhi:स्मृति ईरानी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर राहुल गांधी के हमले को लेकर पलटवार करते हुए मंगलवार को कहा कि जिन्हें अमेठी ने 'मैजिक' दिखाया, उन्होंने प्रधानमंत्री पर कटाक्ष किया ।

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में हस्तक्षेप करते हुए यह आरोप भी लगाया कि 'परिवार' ने अमेठी में कई ऐसी जमीनों को अपने कब्जे में ले लिया, जिन्हें फाउंडेशन या फैक्टरी के लिए आवंटित किया गया था। उनका इशारा गांधी परिवार की तरफ था।स्मृति ईरानी ने कहा, 'आज एक सज्जन जिन्हें अमेठी ने 'मैजिक' दिखाया और चार विधानसभा सीट पर जिनकी जमानत जब्त हुई, उन्होंने प्रधानमंत्री पर कटाक्ष किया।'

उनका इशारा 2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी लोकसभा सीट पर राहुल गांधी की हार और अपनी जीत की ओर था, उन्होंने महिला स्वयंसेवी समूहों के लिए आवंटन का उल्लेख करते हुए कहा, '2009 से 2014 के बीच स्वयंसेवी समूहों को करीब 80 हजार करोड़ रुपये की राशि दी गई। 2014-2022 तक यह राशि बढ़ाकर 4.93 लाख करोड़ रुपये की गई।'

स्मृति ईरानी ने कहा, '1981 में एक फाउंडेशन ने अमेठी में 40 एकड़ की जमीन ली। वहां पर कहा गया कि हम अमेठी की जनता के लिए मेडिकल कॉलेज बना देंगे। 623 रुपये किराया दिया गया। उस जमीन पर परिवार ने अपने लिए गेस्टहाउस बनवा लिया।'उन्होंने दावा किया कि अमेठी में 'परिवार' के अस्पताल ने एक व्यक्ति का इलाज नहीं किया और वापस लौटा दिया, क्योंकि उसके पास आयुष्मान भारत का कार्ड था। बाद में उस व्यक्ति की मौत हो गई।

'तब हज के लिए आवेदन के वास्ते पैसा देना पड़ता था'

स्मृति ईरानी ने कहा, 'अमेठी में एक फैक्टरी के लिए जमीन ली गई। अचानक यह जमीन फाउंडेशन को दी गई। बाद में परिवार ने जमीन खाली नहीं की। किसान अदालत जाता है और जमीन खाली करने का आदेश लाता है। आज भी वो जमीन पर बैठे हुए हैं। आज ये गरीब की बात करते हैं।' उन्होंने कहा, 'हज की नयी नीति कल आई है। जब इनकी (कांग्रेस) सरकार थी, तब हज के लिए आवेदन के वास्ते पैसा देना पड़ता था। अब किसी को आवेदन का पैसा नहीं देना पड़ेगा, यह मोदी सरकार ने सुनिश्चित किया।'

'मोदी जी ने संकल्प किया है, इसलिए वह कीमत चुकाते हैं'

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की नीति के कारण हज पर प्रतिव्यक्ति 50 हजार रुपये की बचत हो रही है। ईरानी ने कहा कि महिलाओं से जुड़े बजट में 130 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। स्मृति ईरानी ने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की कुछ पंक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा, 'मोदी जी ने संकल्प किया है, इसलिए वह कीमत चुकाते हैं।'

रवि वैश्य
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article