देश

भाजपा के हाथों में बसपा की नकेल; आकाश आनंद के निष्कासन के बाद कांग्रेस ने किया सनसनीखेज दावा

Congress Slams Mayawati: क्या मायावती अपने फैसले भारतीय जनता पार्टी के इशारों पर लेती हैं? कुछ इसी तरह का दावा कांग्रेस ने किया है। बसपा सुप्रीमो के भतीजे आकाश आनंद के निष्कासन के बाद सियासी सवाल खड़े होने लगे हैं। इसी बीच कांग्रेस नेता उदित राज ने दावा किया है कि बसपा की नकेल भाजपा के हाथों में है।

Image

मायावती अपने भतीजे आकाश आनंद के साथ (फाइल फोटो)

Photo : PTI

BSP's Reins are in BJP's Hands: कांग्रेस नेता उदित राज ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि आकाश आनंद को दो बार बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का राष्ट्रीय समन्वयक बनाना और फिर पार्टी से निकालना इस बात को दर्शाता है कि बसपा का संचालन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि मायावती बिना दबाव के ऐसे ‘आत्मघाती’ कदम नहीं उठातीं।

आकाश आनंद के निष्कासन के बाद कांग्रेस ने खड़े किए सवाल

बसपा प्रमुख मायावती ने पिछले दिनों अपने भतीजे को बसपा से निष्कासित कर दिया था। पूर्व सांसद उदित राज ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, 'आकाश आनंद ने अपने एक भाषण में दर्द बयान किया है कि पार्टी में कुछ वरिष्ठ नेता हैं जो मुश्किल पैदा करते हैं। लगता है उनका इशारा सतीश मिश्रा जी पर ही था।'

कांग्रेस का आरोप- बसपा का अब ‘भाजपाकरण’ हो गया

उन्होंने दावा किया, 'आकाश आनंद को दो बार समन्वयक बनाना और निकालना, यह दर्शाता है कि बसपा, भाजपा से संचालित हो रही है। बिना दबाव मायावती जी ऐसा आत्मघाती कदम नहीं उठातीं।' उदित राज ने कहा, 'आकाश आनंद ने कहा कि कांग्रेस-सपा को आगामी विधान सभा चुनाव में समझौता करना चाहिए नहीं तो जीरो ही रहेंगे। इससे अंदरूनी रूप से भाजपा परेशान हो गई।' उन्होंने आरोप लगाया कि बसपा का अब ‘भाजपाकरण’ हो गया है।

हाल ही में बसपा अध्यक्ष मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी से निकालने का बड़ा फैसला लिया। इससे पहले, उन्हें पार्टी के सभी पदों से हटा दिया गया था। मायावती ने स्पष्ट किया कि आकाश आनंद अपने ससुर के प्रभाव में हैं, जो इस निर्णय का मुख्य कारण है।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article