देश

Kisan Andolan: मायावती ने किसानों का किया समर्थन, कहा- इनका शोषण करना ठीक नहीं, मांगों को गंभीरता से लें सरकार

Kisan Andolan: मायावती ने दिल्‍ली की सीमाओं पर जमा हुए किसानों का समर्थन किया है। बसपा प्रमुख ने कहा कि मेहनतकश किसानों की मांग स्‍वीकार की जाए। मायावती ने सरकार से आंदोलन कर रहे किसानों से बातचीत करने को भी कहा। इनका शोषण करना भी ठीक नहीं।

Image

बसपा प्रमुख मायावती ने किसान आंदोलन को दिया अपना समर्थन

Photo : Times Now Digital

Kisan Andolan: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने किसान आंदोलन को समर्थन दिया है। सोशल मीडिया मंच एक्स पर उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की मांगें गंभीरता से लेकर उनका समाधान करे। बसपा मुखिया मायावती ने बुधवार को अपने बयान में कहा कि अपने भारत को अन्न के मामले में आत्मनिर्भर बनाने वाले मेहनतकश किसानों की जो मांगें हैं, सरकार उन्हें गंभीरता से ले तथा उन पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर उनका समय से समुचित समाधान करे, ताकि अन्नदाता किसानों को अपनी मांगों के समर्थन में बार-बार आन्दोलन के लिए मजबूर न होना पड़े।

किसानों का शोषण करना ठीक नहीं- मायावती

मायावती ने कहा कि इस सम्बंध में ’दिल्ली चलो’ के वर्तमान अभियान के तहत आन्दोलित किसानों पर सख्ती करने के बजाय केन्द्र सरकार उनसे सही वार्ता कर उनके आन्दोलन को समाप्त करने का प्रयास करे तो बेहतर होगा। इनका शोषण करना भी ठीक नहीं। गौरतलब है कि कई किसान संघों ने फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की गारंटी देने वाले कानून की मांग को लेकर 13 फरवरी को विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था। किसानों के इस कूच में ज्यादार संघ उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब से हैं। किसानों के दिल्ली चलो मार्च को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। दिल्ली और उससे जुड़ी सीमाओं पर भी कई स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कानून और व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस टीमों और दंगा नियंत्रण वाहन के साथ रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों को सिंघू सीमा पर तैनात किया गया है।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article