देश

पाकिस्तान की ड्रग्स वाली चाल नाकाम, BSF ने फायरिंग कर ड्रोन को खदेड़ा

BSF: पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। राजस्थान बॉर्डर स्थित अनूपगढ़ जिले में शुक्रवार रात दो जगहों पर पाकिस्तानी ड्रोन की मूवमेंट देखने को मिली। हालांकि, बीएसएफ के जवानों ने पाकिस्तानी ड्रोन को मुंहतोड़ जवाब दिया और पाकिस्तान की योजना पर पानी फेर दिया। सुरक्षा एजेंसियां लगातार ऐसे घटनाक्रम को दर्ज करती रहती हैं।

Image

ड्रोन (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : iStock

BSF: पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। भारत में लगातार किसी न किसी प्रकार से ड्रग्स इत्यादि भेजने की फिराक में लगा रहता है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां लगातार पड़ोसी मुल्क की कोशिशों को विफल कर देती हैं। इस बार राजस्थान के अनूपगढ़ जिले में ड्रोन की मदद से पाकिस्तान ड्रग्स भेजने की फिराक में था, लेकिन सीमा सुरक्षा बल (BSF) के मुस्तैद जवानों ने ड्रोन की मूवमेंट को कैप्चर कर लिया और मुंहतोड़ जवाब देते हुए लगभग 25 राउंड फायरिंग की।

BSF ने चलाया सर्च ऑपरेशन

पाकिस्तान की ओर से यह मूवमेंट गांव 13 के कैलाश पोस्ट और समेजा कोठी के पास देखने को मिली। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ये हरकत रात दो से तीन बजे की बताई जा रही है। ड्रोन को खदेड़ने के बाद बीएसएफ के जवानों ने सर्च ऑपरेशन चलाया।

BSF ने जब्त की ड्रग्स

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कैलाश पोस्ट के पास सर्च ऑपरेशन के दौरान हेरोइन के दो पैकेट बरामद किए गए हैं। बरामद हेरोइन का वजन करीब छह किलो बताया जा रहा है। बीएसएफ से साथ-साथ पुलिस भी सर्च ऑपरेशन चला रही है। इसी कड़ी में पुलिस की ओर से भी नाकेबंदी की गई है।

इसके अलावा बीएसएफ ने समेजा कोठी इलाके से भी हेरोइन के पैकेट बरामद किए हैं। हालांकि, फिलहाल इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है कि बरामद हेरोइन की मात्रा कितनी है।

बता दें कि बॉर्डर पर पाकिस्तान की ओर से इस तरह की हरकतें पहली बार नहीं हुई है। आए दिन बॉर्डर पर इस तरह की हरकतें देखने को मिलती हैं। पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए राजस्थान में हेरोइन की सप्लाई की कोशिश की जाती है। बीएसएफ ने इससे पहले भी कई बार पाकिस्तान को अपने मंसूबों में नाकाम करते हुए कई तस्करों को पकड़ा है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article