देश

BSF की मुस्तैदी के सामने शातिर तस्करों की होशियारी नहीं आई काम! साइकिल के फ्रेम में छिपाया था 1.98 करोड़ का सोना

India Bangladesh Border: सीमा सुरक्षा बल ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास साइकिलों के फ्रेम में छिपाए गए 2.75 किलोग्राम सोने को जब्त कर तीन किसानों की गिरफ्तार किया है। बीएसएफ प्रवक्ता ने बताया कि इंडिया वन सीमा चौकी पर तैनात 73 बटालियन बीएसएफ के जवानों को साइकिल के फ्रेम के अंदर सीमा पार से सोने की तस्करी के प्रयास के संबंध में खुफिया सूचना मिली थी।

Image

सीमा सुरक्षा बल (फोटो साभार: https://x.com/BSF_SOUTHBENGAL)

Photo : Twitter

India Bangladesh Border: सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा (IBB) के पास साइकिलों के फ्रेम में छिपाए गए 2.75 किलोग्राम सोने को जब्त कर तीन किसानों की गिरफ्तार किया है। बीएसएफ के दक्षिण बंगाल फ्रंटियर के डीआईजी एवं प्रवक्ता नीलोत्पल कुमार पांडे ने बताया कि सोने की कीमत करीब 1.98 करोड़ रुपये है।

खुफिया सूचना के आधार पर हुई गिरफ्तारी

उन्होंने कहा, "इंडिया वन सीमा चौकी पर तैनात 73 बटालियन बीएसएफ के जवानों को साइकिल के फ्रेम के अंदर सीमा पार से सोने की तस्करी के प्रयास के संबंध में खुफिया सूचना मिली थी।"

डीआईजी पांडे ने बताया, "सूचना के आधार पर जवानों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास अपने खेतों से काम करके लौट रहे आरोपी किसानों की तलाशी लेनी शुरू कर दी। उनकी साइकिलों की भी तलाशी ली गई। आखिरकार, तीन किसानों की साइकिलों के फ्रेम में 15 सोने के बिस्किट और 8 सोने के टुकड़े मिले। तीनों को तुरंत हिरासत में ले लिया गया।"

इसके बाद किसानों को इंडिया वन बीओपी लगाया गया, जहां उन्होंने कबूल किया कि उन्हें बांग्लादेश के राजशाही जिले के बुधपारा गांव में एक अज्ञात व्यक्ति से 23 सोने के टुकड़े मिले थे।

साइकिल में छिपा रखा था सोना

डीआईजी ने कहा, "उन्होंने एक साइकिल के फ्रेम में 12 सोने के टुकड़े और बाकी को दूसरी साइकिल में छिपा दिया। तीनों किसानों को बीएसएफ की डोमिनेशन लाइन पार करने और शाम 7 बजे शेखपारा इलाके में आने वाले बस कंडक्टर का इंतजार करने के लिए कहा गया था। एक बार खेप सौंप दिए जाने पर, किसानों को सोने के हर टुकड़े के लिए 500 रुपये मिलते। हमारे सतर्क सैनिकों ने इस कोशिश को नाकाम कर दिया।"

उन्होंने बताया कि किसानों और सोने को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क विभाग को सौंप दिया गया है। डीआईजी ने जवानों की सराहना की। साथ ही सीमावर्ती निवासियों से सीमा पार से सोने की तस्करी के प्रयासों में बीएसएफ की मदद करने का आग्रह किया।

डीआईजी ने कहा, "सोने की तस्करी से संबंधित कोई भी जानकारी बीएसएफ के हेल्पलाइन 14419 या व्हाट्सएप नंबर 9903472227 पर संदेश के जरिए साझा की जा सकती है।"

(इनपुट: आईएएनएस)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article