जम्मू-कश्मीर के राजौरी में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में भारतीय सेना के 5 जवान शहीद होने के बाद से पाकिस्तान सीमा पर बड़ी कार्रवाई में पंजाब के फिरोजपुर में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने घुसपैठिए को धर दबोचा। BSF ने भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर फिरोजपुर जिले के हुसैनीवाला में एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को पकड़ा है। जब घुसपैठिया भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। घुसपैठिए को बीएसएफ ने पुलिस को सौंप दिया है। पकड़े गए पाकिस्तानी घुसपैठिए की पहचान रकीब बिलाल के रूप में हुई है। जो पाकिस्तान के फैसलाबाद की तहसील तंदालावाला के कस्बे तंदाला का रहने वाला है। फिरोजपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय पासपोर्ट अधिनियम की धारा 3/4 औरविदेशी अधिनियम की धारा 14 के तहत मामला दर्ज किया है। पकड़े गए आरोपी रकीब बिलाल से सुरक्षा एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं।
गौर हो कि जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में दरमसाल के बाजीमल इलाके में बुधवार और गुरुवार को सुरक्षा बलों के साथ 36 घंटे तक चली मुठभेड़ में अफगानिस्तान में प्रशिक्षित लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के टॉप कमांडर सहित दो आतंकवादी मारे गये। इस दौरान दो कैप्टन समेत 5 सैनिक भी शहीद हो गए। सेना ने आर्मी जनरल अस्पताल, राजौरी में पुष्पांजलि समारोह का आयोजित किया, जिसमें ‘जनरल ऑफिसर कमांडिंग रोमियो फोर्स’ तथा अन्य अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
आतंकियों से मुकाबला करते हुए अपनी जान न्योछावर करने वाले कर्नाटक के मंगलोर के निवासी कैप्टन एम वी प्रांजल (63 राष्ट्रीय राइफल्स), उत्तर प्रदेश के आगरा के निवासी कैप्टन शुभम गुप्ता (9 पैरा), जम्मू-कश्मीर के पुंछ के निवासी हवलदार अब्दुल माजिद, उत्तराखंड के नैनीताल रहने वाले लांस नायक संजय बिष्ट और उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के पैराट्रूपर सचिन लौर हैं। कैप्टन प्रांजल के परिवार में उनकी पत्नी अदिति जी हैं, जबकि कैप्टन गुप्ता के परिवार में उनके पिता बसंत कुमार गुप्ता हैं। हवलदार माजिद के परिवार में उनकी पत्नी सगेरा बी और तीन बच्चे, लांस नायक बिष्ट के परिवार में मां मंजू देवी और पैराट्रूपर लौर के परिवार में उनकी मां भगवती देवी ही हैं।
